400 वर्ष पुराने मंदिर की चारदीवारी गिरने की आशंका, जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग
भीलवाड़ा। पंकज पोरवाल। प्राचीन हनुमान मंदिर की जर्जर चारदीवारी को लेकर शहर के श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। शहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले तेजाजी चौक स्थित भीमेश्वर महादेव मंदिर के समीप बने लगभग 400 वर्ष पुराने प्राचीन हनुमान जी मंदिर की चारदीवारी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी स्थिति इतनी खराब हो गई है कि किसी भी समय दीवार ढह सकती है, जिससे जनहानि की आशंका बनी हुई है।
इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय सजग नागरिक ओंकार दास के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को लिखित ज्ञापन सौंपकर मंदिर की चारदीवारी का तत्काल पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु
मंदिर के पुजारी भरतराम जोशी (गुरु दयालु) ने बताया कि यह लगभग 400 वर्ष पुराना मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित पूजा-अर्चना, आरती तथा विभिन्न धार्मिक एवं मांगलिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पर्व और विशेष अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर चारदीवारी के कारण मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
स्थानीय श्रद्धालु विनोद चतुर्वेदी, विजय कसारा और प्रहलाद खटीक ने कहा कि यह मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं बल्कि शहर की सांस्कृतिक धरोहर भी है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते चारदीवारी का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए प्रशासन को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
पहले भी प्रशासन का कराया जा चुका है ध्यान आकर्षित
श्रद्धालुओं ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कलेक्टर कार्यालय के आवक अनुभाग में औपचारिक आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है, ताकि प्रशासन इस संवेदनशील विषय पर आवश्यक कदम उठा सके।
इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
चारदीवारी निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग
जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि जनहित और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंदिर की चारदीवारी का नए सिरे से निर्माण कार्य जल्द से जल्द स्वीकृत कराया जाए।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि संबंधित विभागों को आवश्यक बजट उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और इस ऐतिहासिक एवं प्राचीन धार्मिक धरोहर का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।