प्रशासनिक आश्वासन के बाद भी सड़क निर्माण अधूरा; फिर से शुरू हुए अवैध कब्जे, बारिश से पहले रास्ता ठप होने का डर
बौंली/बामनवास (श्रद्धा ओम त्रिवेदी)। एकलव्य छात्रावास तक सीधा मार्ग बनाने के उद्देश्य से करीब एक वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन आज तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कीचड़ और दलदल में तब्दील हुआ रास्ता
अतिक्रमण हटाने के दौरान जिला परिषद प्रमुख सुदामा देवी के पति डिग्गी मीणा ने आश्वासन दिया था कि सोन्दा की ढ़ाणी से एकलव्य छात्रावास तक शीघ्र ही सीधा मार्ग तैयार कराया जाएगा। हालांकि, एक वर्ष बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस है। जेसीबी से की गई खुदाई के चलते पूरा रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल गया है, जिससे लोगों का अपने घर तक मोटरसाइकिल ले जाना भी दूभर हो गया है।
पुनः अतिक्रमण ने बढ़ाई चिंता
नई आबादी बरनाला के लोगों ने बताया कि जहां से पूर्व में अतिक्रमण हटाया गया था, वहां अब पुनः कब्जे शुरू हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र सड़क नहीं बनी, तो प्रशासन की पिछली कार्रवाई निष्फल हो जाएगी।
ट्रांसफार्मर और बारिश बनी बड़ी चुनौती
आगामी बारिश को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी चिंता व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षा के दौरान आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा। इसके अलावा, रास्ते के बीच में स्थित एक इलेक्ट्रिक ट्रांसफार्मर भी अवरोध बना हुआ है, जिसे दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने और अतिक्रमण पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:
-
गंगापुर सिटी: स्कूटी के बदले नकद राशि के फैसले से छात्राओं में खुशी, छात्र नेता बोले- ‘ऐतिहासिक कदम’
1996 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 1996 से दैनिक भास्कर में बौंली, बामनवास एवं सन 2000 में दैनिक भास्कर ब्यूरो चीफ गंगापुर सिटी। 2003 से पंजाब केसरी और वर्तमान में राष्ट्रदूत। अनेकों चैनल व अखबारों में कार्यरत हैं। आवाज आपकी न्यूज पोर्टल में पत्रकार हैं।