बीमारियों से बचाव का दिया संदेश: महिलाओं ने सुभाष नगर और मलाण क्षेत्र में खुद झाड़ू थामकर की सफाई
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल): समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से अखिल मारवाड़ी महिला समिति द्वारा विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति की महिलाओं ने न केवल स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि स्वयं श्रमदान कर मिसाल पेश की।
बस्तियों में जाकर किया श्रमदान
समिति की सदस्यों ने शहर की सुभाष नगर बस्ती और मलाण क्षेत्र का दौरा किया। वर्षा ऋतु को देखते हुए महिलाओं ने सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की, ताकि नालियों में कचरा जमा न हो और बारिश का पानी घरों में घुसने जैसी समस्या पैदा न हो।
बस्तीवासियों को सिखाए स्वच्छता के गुर
जागरूकता अभियान के दौरान समिति ने लोगों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं:
-
गीला और सूखा कचरा: लोगों को समझाया गया कि कचरे का निस्तारण सही ढंग से करें और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखें।
-
बीमारियों पर लगाम: बताया गया कि आसपास गंदगी जमा होने से वर्षा ऋतु में मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा रहता है।
-
कचरा पात्र का उपयोग: लोगों से अपील की गई कि कचरा हमेशा डस्टबिन में ही डालें और नगरपालिका के ऑटो टिपर आने पर ही उसे सौंपें।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष मधु लढा, सचिव अनुपमा मंत्री, सुमन असावा, निर्मला बाहेती, उर्मिला अजमेरा, रेखा बांगड़, सलोनी, मंजू जैन और प्रिया राजपूत सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। इस नेक कार्य में मंजू बलदवा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।