किन्नरों की बधाई शगुन राशि तय: सर्व समाज की बैठक में ₹3100 पर बनी सहमति


गंगापुर सिटी में सर्व समाज और किन्नर समाज के बीच लिखित समझौता, जन्म एवं विवाह समारोह में बधाई शगुन के लिए ₹3100 राशि तय।

गंगापुर सिटी। सर्व समाज की बैठक में किन्नरों की बधाई शगुन राशि को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। रविवार शाम 6:00 बजे अग्रवाल धर्मशाला में अग्रवाल समाज जिला अध्यक्ष गोविंद प्रसाद बरनाला की अध्यक्षता में आयोजित सर्व समाज की बैठक में बालक के जन्म एवं शादी-विवाह समारोह में किन्नरों द्वारा बधाई शगुन के लिए ₹3100 की राशि सर्वसम्मति से निर्धारित की गई। इस निर्णय पर किन्नर समाज की ओर से राधा शर्मा बाई और मंजू बाई ने लिखित समझौते के माध्यम से अपनी सहमति भी प्रदान की।

बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने रखे विचार

बैठक में मंच पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश चंद गुट्टा, जैन समाज से प्रवीण जैन एवं देवेंद्र जैन, वैश्य महासम्मेलन महिला जिलाध्यक्ष रीना पालीवाल, गुर्जर समाज से रामकेश छंगा, स्वर्ण समाज से अनिल स्वर्णकार, ब्राह्मण समाज से हेमेंद्र शर्मा, राजपूत समाज से जितेंद्र सिंह पप्पू नरूका, खंडेलवाल समाज से अमित खंडेलवाल, वैश्य समाज से लोकेश सोगानी सहित अनेक समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा महिला जिला अध्यक्ष रेखा गर्ग, मंजू मंगलम, वेद प्रकाश मंगल, समाजसेवी नरेश दुबे, सुरेंद्र मित्तल, ओमप्रकाश सोनी, सुरेंद्र लाला विजयवर्गीय, मोहनलाल कुनकटा, सतीश महसवा, पत्रकार पदम जोशी, गोपाल सेवा वाले तथा किन्नर समाज से राधा शर्मा बाई एवं मंजू बाई सहित अन्य लोगों ने भी अपने-अपने विचार साझा किए।

बधाई शगुन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक में परिवारों द्वारा यह शिकायत रखी गई कि बालक के जन्म तथा शादी-विवाह समारोह के दौरान किन्नरों द्वारा बधाई शगुन के नाम पर अधिक राशि की मांग की जाती है तथा कुछ मामलों में परिवारों के साथ बदसलूकी की शिकायतें भी सामने आई हैं। इस विषय पर सभी समाजों के प्रतिनिधियों ने विस्तृत चर्चा की।

लंबे विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बालक के जन्म एवं शादी-विवाह समारोह में बधाई शगुन की निर्धारित राशि ₹3100 होगी।

स्वेच्छा से ₹5100 तक देने पर नहीं होगा कोई दबाव

बैठक में वक्ताओं ने यह भी निर्णय लिया कि यदि कोई संपन्न परिवार अपनी स्वेच्छा एवं सहमति से ₹5100 तक की राशि देना चाहता है तो वह दे सकता है। हालांकि, किसी भी परिवार पर इससे अधिक राशि देने के लिए किसी प्रकार का दबाव या फोर्स नहीं डाला जाएगा।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि ₹5100 तक की राशि केवल संबंधित परिवार की स्वेच्छा और सहमति से ही स्वीकार की जाएगी। यदि किसी परिवार से निर्धारित सहमति से अधिक राशि लेने के लिए दबाव बनाने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

किन्नर समाज ने लिखित समझौते पर जताई सहमति

निर्णय के बाद किन्नर राधा शर्मा बाई एवं मंजू बाई ने सर्व समाज द्वारा निर्धारित राशि पर अपनी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होगी, तो उनका समाज ₹3100 से भी कम राशि लेकर बधाई देने का कार्य करेगा।

दोनों पक्षों के बीच इस निर्णय को लेकर लिखित समझौता भी किया गया, जिससे भविष्य में निर्धारित व्यवस्था का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

किन्नर समाज का किया गया स्वागत

बैठक के दौरान गोविंद प्रसाद बरनाला सहित सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने किन्नर राधा बाई एवं मंजू बाई का माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर किन्नरों द्वारा पारंपरिक रूप से बधाई गीत प्रस्तुत किए गए तथा शगुन प्राप्त किया गया।

बैठक में अग्रवाल महिला तहसील अध्यक्ष सुमन आर्य, अग्रवाल महिला अध्यक्ष सुनीता सरल, अग्रवाल शिक्षण संस्थान अध्यक्ष दीनदयाल मच्छीपुरा, अग्रवाल कर्मचारी समिति अध्यक्ष राधामोहन गोयल, घनश्याम दास बजाज, पंडित दयानंद शास्त्री, विकास राजोरिया, हरकेश शर्मा, राजेंद्र मोदी, संतोष सोनी, कैलाश मंगलम, सरोज गर्ग, विनय सरल, नवल किशोर, रामगोपाल शर्मा, महेश जांगिड़ सहित सर्व समाज के अनेक प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन वैश्य समाज जिला अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल ने किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *