15 स्कूलों में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम, परिषद भवन रिनोवेशन, फिजियोथैरेपी सेंटर विस्तार और जरूरतमंद परिवारों की सहायता का लिया संकल्प
भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद, स्वामी विवेकानंद शाखा की वर्ष 2026-27 की चतुर्थ कार्यकारिणी बैठक रविवार को शास्त्री नगर स्थित परिषद भवन में आयोजित हुई। वंदेमातरम् के उद्घोष के साथ सुबह 10:15 बजे शुरू हुई बैठक में शाखा के विकास, सेवा कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में शाखा के कुल 15 सदस्यों की गौरवमयी उपस्थिति रही।
शाखा सचिव केजी सोनी ने बताया कि बैठक की शुरुआत 14 जून को आयोजित पिछली कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाने से हुई, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसके बाद परिषद की सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
15 विद्यालयों में होगा ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम
बैठक में परिषद के प्रमुख प्रकल्प ‘गुरु वंदन एवं छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का पहला कार्यक्रम 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आदर्श विद्या मंदिर, शास्त्री नगर से प्रारंभ होगा।
इस सत्र में शाखा द्वारा क्षेत्र के कम से कम 15 विद्यालयों में इस गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके साथ ही सदस्यता नवीनीकरण शुल्क को लेकर भी चर्चा हुई तथा जिन सदस्यों की फीस बकाया है, उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचित करने का निर्णय लिया गया।
नेत्र सुरक्षा पर होगा विशेषज्ञों का विशेष उद्बोधन
बैठक में आगामी 26 जुलाई को आयोजित होने वाली चतुर्थ साधारण सभा को नवाचार के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर ‘नेत्रों की सुरक्षा एवं सावधानियां’ विषय पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित होगा, जिसमें ‘नेत्र धाम’ के विशेषज्ञ चिकित्सक आमजन को नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और आवश्यक सावधानियों के बारे में मार्गदर्शन देंगे।
परिषद भवन का होगा रिनोवेशन, फिजियोथैरेपी सेंटर का भी होगा विस्तार
बैठक में परिषद भवन के रिनोवेशन (जीर्णोद्धार) को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। इस संबंध में पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सचिव की विशेष बैठक 14 जुलाई को आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रबंध कार्यकारिणी के साथ मिलकर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इसके अलावा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिषद के फिजियोथैरेपी सेंटर में सहयोगी स्टाफ की नियुक्ति कर दी गई है। अब यह स्वास्थ्य सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
अगस्त में प्रस्तावित है कुंभलगढ़ भ्रमण
सदस्यों के आपसी सौहार्द, संगठनात्मक समन्वय और मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 एवं 23 अगस्त को कुंभलगढ़ में एकदिवसीय रात्रि विश्राम सहित बाह्य भ्रमण का प्रस्ताव भी रखा गया। यह यात्रा सशुल्क होगी। इसकी विस्तृत सूचना सभी सदस्यों को भेजी जाएगी तथा उनकी सहमति के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
10 जरूरतमंद परिवारों की सहायता का संकल्प
बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। भेरूलाल अजमेरा ने पूर्व में चयनित 10 जरूरतमंद परिवारों की सहायता संबंधी प्रकल्प की जानकारी देते हुए इसे शीघ्र क्रियान्वित करने की बात कही। इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया, जिसके साथ कार्यकारिणी बैठक का शांतिपूर्ण समापन हुआ।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।