नाथद्वारा सराय झूलेलाल मंदिर में श्रद्धा के साथ मनाया गया ज्येष्ठ मास चंद्र उत्सव


भजन-कीर्तन, महाआरती, छेज और प्रसादी के साथ सिंधी समाज ने भगवान झूलेलाल के प्रति श्रद्धा और आस्था व्यक्त की।

भीलवाड़ा। नाथद्वारा सराय झूलेलाल मंदिर में ज्येष्ठ मास चंद्र उत्सव बुधवार सायंकाल पूर्ण श्रद्धा, आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के नाथद्वारा सराय स्थित पूज्य हेमराज मल भगत झूलेलाल सनातन मंदिर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सिंधी समाज के बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान झूलेलाल के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

भजन-कीर्तन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन हेमराज मल साहब सेवा समिति के तत्वावधान में मंदिर के महंत टेऊं राम भगत के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ भगवान झूलेलाल एवं मातेश्वरी भगवती को समर्पित भजन-कीर्तन से हुआ।

इस अवसर पर महंत टेऊं राम, पप्पू भगत, हेमंत भगत एवं नवीन भगत ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भजनों का आनंद लेते रहे।

पूजन-अर्चन और पुष्पवर्षा से भक्तिमय बना वातावरण

संस्थाध्यक्ष गुलशन कुमार विधानी ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं द्वारा सिंधी समाजजनों का सामूहिक अभिनंदन किया गया। वहीं संस्था के उपाध्यक्ष महेश खोतानी के अनुसार पवित्र ज्योत प्रज्वलित कर विधिवत पूजन-अर्चन एवं पुष्पवर्षा की गई।

उत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को आकर्षक बंदनवारों एवं पुष्पमालाओं से विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक और उत्सवी वातावरण से भर गया।

भजनों पर झूमे श्रद्धालु, पारंपरिक छेज का लिया आनंद

कार्यक्रम में हेमंत भगत, सीमा भगत, नवीन भगत एवं काली भगत द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूम उठे। इसके बाद समाजजनों ने पारंपरिक छेज खेलकर उत्सव का उल्लासपूर्वक आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन पर महाआरती एवं पल्लव अरदास के माध्यम से देश, समाज और विश्व की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की गई। श्रद्धालुओं ने “आयो लाल झूलेलाल”, “बेड़ा ही पार” तथा “सनातन धर्म की जय” के गगनभेदी जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

हाथ प्रसादी का किया गया वितरण

उत्सव के अंत में श्रद्धालुओं को ज्येष्ठ मास की पूजा के प्रतीक स्वरूप सिवइयाँ, जामुन, आम, पानीपुरी तथा विभिन्न मौसमी फलों से युक्त हाथ प्रसादी वितरित की गई।

इस अवसर पर नानक राम जेठानी, हीरा लाल गुरनानी, अशोक केवलानी, चीजन दास फतनानी, खेमचंद ठारवानी, वासुदेव मगनानी, चंद्रप्रकाश तलसानी, लेखराज, लाल भगत, भगवती भगत, ताराचंद ओडवानी, पूजा भगत, हर्षा जुरानी, हीरा झुरानी, सरला खोतानी, धरमू भगत, ओमप्रकाश बाबानी, नेहा खोतानी, जितेन्द्र, दिव्या भगत, कोमल चावला, दीपा जेठानी, दिव्या खोतानी, वर्षा सखरानी एवं हर्षिता विधानी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *