डीग महोत्सव -2023 का आयोजन 10 से 11 अक्टूबर तक

Support us By Sharing

डीग महोत्सव -2023 का आयोजन 10 से 11 अक्टूबर तक

दो दिवस तक रहेगी डीग महोत्सव की धूम, विविध कार्यक्रम होंगे आयोजित

डीग, अमर दीप सैन। 20 सितंबर। राज्य के लोकप्रिय त्यौहार की तरह मनाए जाने वाले डीग महोत्सव-2023 का आयोजन आगामी 10 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक होगा। 10 अक्टूबर को शोभायात्रा के साथ डीग महोत्सव का शुभारंभ होगा। डीग महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग ने अभी से ही तैयारियां प्रारम्भ कर दी है। जिला कलक्टर शरद मेहरा द्वारा डीग महोत्सव के आयोजन से एक माह पूर्व ही महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

जिला कलक्टर शरद मेहरा ने बताया कि डीग महोत्सव का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार हो एवं महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों व सांस्कृतिक कार्यक्रम की जानकारी देने से यहां आने वाले देशी-विदेशी सैलानी को पूर्व में जानकारी मिलेगी। इसके कारण महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक सैलानियों के पहुचने की भी सम्भावना रहेगी।

डीग महोत्सव के पहले दिन ये होंगे कार्यक्रम

उपनिदेशक पर्यटन विभाग, भरतपुर संभाग संजय जौहरी ने बताया कि महोत्सव का आगाज 10 अक्टूबर 2023 को शोभायात्रा के साथ होगा और ये यात्रा गणेश मंदिर-लक्ष्मण मंदिर- मुख्य बाजार – नई सड़क से होती हुई पुनः गणेश मंदिर पर संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में मंगल कलश हेतु 100 महिलाओं की व्यवस्था महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की जाएगी।
पहले दिवस दमखम-कबड्डी प्रतियोगिता के साथ ही लोक कलाकारों की डीग के रंग प्रस्तुति, दीपदान “जग-मग डीग” कार्यक्रम, मूंछ एवं राधा-कृष्ण पोशाक प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके साथ ही श्री राम भारतीय कला केंद्र, नई दिल्ली द्वारा श्री कृष्ण पर आधारित नृत्य नाटिका कार्यक्रम आयोजित कि जाएगी। यह कार्यक्रम राजस्थानी लोककलाकारों द्वारा डीग महल में आयोजित किया जाएगा।

पहले दिन जल महल में सांय 6:00 से 7:00 बजे तक 5000 दीपों का दीपदान प्रस्तावित है।

महोत्सव के दूसरे दिन ‘‘हैरिटेज वॉक डिस्कवर डीग” होगा आकर्षण का केन्द्र

उपनिदेशक पर्यटन विभाग ने बताया कि डीग महोत्सव के दूसरे दिवस 11 अक्टूबर को हैरिटेज वॉक डिस्कवर डीग कार्यक्रम से शुरूआत होगी। कार्यक्रम में डीग के सांस्कृतिक एवं हैरिटेज विरासत के दर्शन होंगे। उन्होंने बताया कि हैरिटेज वॉक गणेश मंदिर से शुरू होकर लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, नई सड़क, डीग किले से होते हुए डीग महल पर संपन्न होगी। इसके बाद मेला मैदान में प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक स्कूली बच्चों द्वारा नींबू-चम्मच प्रतियोगिता में भाग लिया जाएगा। इसके साथ ही मेला मैदान में स्थानीय जनों एवं पर्यटकों के मध्य रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी दिन डीग महल में मेहंदी एवं रंगोली और साफा बांधने की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नींबू चम्मच एवं साफा बांधने की प्रतियोगिता और रस्सा-कस्सी व मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का सफल संचालन व निर्णय हेतु कमेटी गठन एवं प्रशासन से समन्वय उपखंड अधिकारी, डीग के माध्यम से किए जाएंगे। महोत्सव के अंत में भव्य रंगारंग सांस्कृतिक संध्या डीग महल में आयोजित की जाएगी।


Support us By Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!