सृजन की सुरक्षा’ योजना के तहत बालिका सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए डेकवा ग्राम पंचायत में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर द्वारा रालसा वन एवं बालिका वर्ष 2025 के अंतर्गत संचालित ‘सृजन की सुरक्षा (ईको-फेमिनिज्म)’ योजना के तहत बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डेकवा में नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण एवं ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर नवजात बालिकाओं के नाम पौधरोपण कर उनके उज्ज्वल भविष्य और हरित पर्यावरण का संदेश दिया गया।
हर नवजात बालिका के नाम लगाए जाएंगे 11 पौधे
सचिव समीक्षा गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण दोनों समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। इसी उद्देश्य से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने ‘सृजन की सुरक्षा’ योजना शुरू की है, जिसके माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रकृति संरक्षण से जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में चयनित खिलचीपुर और शेरपुर ग्राम पंचायतों के साथ अब डेकवा ग्राम पंचायत को भी इस योजना में शामिल किया गया है। योजना के तहत प्रत्येक नवजात बालिका के जन्म पर 11 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनकी देखभाल परिवार एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी।
नवजात बालिकाओं को वितरित किए गए ग्रीन कार्ड
कार्यक्रम में ग्राम डेकवा में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिका को ग्रीन कार्ड प्रदान किए गए। समीक्षा गौतम ने बताया कि यह ग्रीन कार्ड बालिका के सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संबंधी अवसरों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता तक पहुंच आसान होगी।
उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सचिव समीक्षा गौतम, विभागीय अधिकारियों, नवप्रसूता माताओं, ग्रामवासियों, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, पैनल अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं अधिकार मित्रों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया। साथ ही प्रत्येक नवजात बालिका के परिजनों को पौधे वितरित कर उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
कानूनी प्रावधानों और पर्यावरण संरक्षण की दी जानकारी
कार्यक्रम में असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय राजावत ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों एवं ग्रामवासियों को पौधरोपण के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, लिंग आधारित भेदभाव समाप्त करने, लिंग परीक्षण संबंधी कानून तथा उसके दंडात्मक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवल किशोर मीना, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सरोज मिश्रा, सरपंच कैलाश चंद मीना, ग्राम विकास अधिकारी लाखन मीना, प्राचार्य रेणु भास्कर, वनपाल ताराचंद यादव, पैनल अधिवक्ता नन्दकिशोर बैरवा, अधिकार मित्र मोरसिंह गुर्जर, आशाराम नागर, चंदन मीना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।