श्रावण मास में भगवान सांवरिया सेठ का मनमोहक श्रृंगार, जन्माष्टमी पर मंदिर को वृंदावन की तर्ज पर सजाने की तैयारियां शुरू।
भीलवाड़ा। शहर से करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर भव्य हिंडोला महोत्सव (झूला उत्सव) श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गया है। मंदिर में भगवान सांवरिया सेठ के मनमोहक श्रृंगार और आकर्षक झूला दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले भक्त भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना कर रहे हैं।
फूलों से सजे भव्य झूले में विराजे सांवरिया सेठ
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि झूला उत्सव के तहत भगवान सांवरिया सेठ को गर्भगृह से बाहर लाकर फूलों से सजे भव्य हिंडोले में विराजमान किया गया है। भगवान का विशेष श्रृंगार गोटा-पट्टी युक्त बहुरंगी पोशाक, स्वर्ण मुकुट, मोरपंख एवं मोतियों के हार से किया गया है, जिससे मंदिर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
उन्होंने बताया कि झूले को मयूर आकृतियों और प्राकृतिक पुष्पों की सुंदर लड़ियों से आकर्षक रूप दिया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
श्रावण में झूला झुलाने की विशेष धार्मिक मान्यता
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार धार्मिक मान्यता है कि श्रावण मास में भगवान को झूला झुलाने और उनके दर्शन करने से सुख, समृद्धि, शांति एवं मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। यही कारण है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
जन्माष्टमी की तैयारियां भी हुई शुरू
मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को वृंदावन की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन कर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
ट्रस्ट की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में भी संपर्क अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु एवं पदयात्री जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ उठा सकें।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।