भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा और जिला प्रभारी नरेश बंसल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने को कहा।
नदबई। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। कस्बे के डहरा रोड स्थित निजी मैरिज होम में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा और जिला प्रभारी नरेश बंसल ने कार्यकर्ताओं से राजनीतिक गुटबाजी से दूर रहते हुए पार्टी को मजबूत करने और चुनाव में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और संभावित प्रत्याशियों के आवेदन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा के अनुरूप कार्य करने का संकल्प भी दिलाया गया।
गुटबाजी से दूर रहकर संगठन मजबूत करने पर जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की गुटबाजी से दूर रहकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है और कार्यकर्ताओं की मजबूती से ही पार्टी को चुनाव में सफलता मिलेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के निर्देशों का पालन करते हुए आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक टीम गठित करने के निर्देश
जिला प्रभारी नरेश बंसल ने आगामी नगर निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ स्तर तक टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की सक्रियता और बूथ स्तर पर मजबूत संपर्क अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
130 से अधिक कार्यकर्ताओं के लिए गए टिकट आवेदन
बैठक के दौरान शहरी क्षेत्र के 130 से अधिक संभावित कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों से टिकट के लिए आवेदन लिए गए। आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से पार्टी ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों और संगठनात्मक तैयारियों को गति देने की दिशा में कदम बढ़ाया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में विधायक के निजी सचिव सत्येंद्र सिंह गुड्डू, मंडल अध्यक्ष रोहित उपाध्याय, चुनाव प्रभारी लोकेन्द्र शर्मा, विधानसभा प्रभारी श्याम सुंदर गौड़, संयोजक रज्जन महुआ, विस्तारक मुकेश शर्मा, पूर्व उपप्रधान गोविन्द चौधरी तथा पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवदयाल गोयल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निकाय चुनाव में संगठन को मजबूत करने और पार्टी को सफलता दिलाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।