वजीरपुर में स्वीप अभियान के तहत मतदाताओं को मतदान के लिए किया जागरूक


वार्ड 15 और 23 में नागरिकों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील, महिला, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

वजीरपुर। आगामी 11 सितंबर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत नगर पालिका वजीरपुर के वार्ड नंबर 15 और 23 में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर पालिका के नागरिकों को लोकतंत्र के महापर्व में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने और निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

नगर पालिका वजीरपुर के अधिशासी अधिकारी दीपक चौहान के निर्देश पर स्वीप सहप्रभारी एवं उपप्रधानाचार्य सोहन लाल गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता केशव मीना तथा बीसीआई नरेंद्र गुप्ता ने संबंधित बीएलओ शिव सिंह जाटव एवं रजत अकोदिया के साथ वार्डों में मतदाताओं से संपर्क किया।

11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान

मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि 11 सितंबर 2026 को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान किया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

महिला, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था

जागरूकता अभियान के दौरान बताया गया कि मतदान केंद्रों पर महिला, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मतदाताओं से अपील की गई कि वे बिना किसी परेशानी के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

डराने-धमकाने पर तत्काल करें शिकायत

अधिकारियों ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति मतदाताओं को डराता, धमकाता या मतदान को प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम को दी जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व को शांतिपूर्ण और निर्भीक वातावरण में सफल बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मतदान स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं करने की भी अपील की गई।

बिना लोभ-लालच के करें मतदान

मतदाताओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के लोभ, लालच या दबाव में आए बिना अपने विवेक के आधार पर उम्मीदवार का चयन करें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

स्वीप अभियान के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता से लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *