मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने नक्काशी में अपेक्षित फिनिशिंग नहीं मिलने पर ठेकेदार को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए।
प्रयागराज। लेटे हनुमान जी कॉरिडोर के विकास कार्यों का मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपेक्षित गुणवत्ता नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने पीडीए उपाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे कॉरिडोर के मैप और डिजाइन का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की बिंदुवार जानकारी लेते हुए अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नक्काशी की गुणवत्ता पर मंडलायुक्त नाराज
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कॉरिडोर में रेड सैंडस्टोन से बनाए जा रहे पिलर्स एवं उनसे जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। पिलर्स पर की जा रही नक्काशी में अपेक्षित गुणवत्ता और फिनिशिंग नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने नक्काशी कार्य में आवश्यक सुधार और बेहतर फिनिशिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गुणवत्ता पूरी होने के बाद ही भुगतान के निर्देश
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नक्काशी एवं संबंधित निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता और पूर्ण फिनिशिंग सुनिश्चित होने के बाद ही संबंधित कार्य का भुगतान किया जाए।
उन्होंने कहा कि कॉरिडोर एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सार्वजनिक परियोजना है, इसलिए इसके निर्माण में गुणवत्ता, मजबूती और बेहतर स्वरूप का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
जलभराव की समस्या से निपटने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कॉरिडोर क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष संभावित जलभराव की स्थिति को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जल निकासी व्यवस्था को निर्माण योजना में प्रभावी तरीके से शामिल करने पर जोर दिया गया।
यात्री निवास के विस्तार कार्य का भी लिया जायजा
मंडलायुक्त ने यात्री निवास के विस्तार के लिए कराए जा रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन यात्री निवास के पैराफिट को कॉरिडोर के अन्य हिस्सों में बनाए गए पैराफिट के अनुरूप रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पूरे कॉरिडोर में निर्माण की डिजाइन और संरचना में एकरूपता बनी रहनी चाहिए, जिससे परियोजना का स्वरूप आकर्षक और व्यवस्थित दिखाई दे।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।