वजीरपुर कन्या महाविद्यालय में छात्राओं ने ली मतदाता जागरूकता की शपथ


स्वीप कार्यक्रम के तहत छात्राओं को मतदान का महत्व बताया गया, निर्भीक होकर बिना किसी लोभ-लालच के मतदान करने का आह्वान।

वजीरपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय वजीरपुर में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए आगामी चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वीप सहप्रभारी सोहन लाल गुप्ता, उप प्रधानाचार्य ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य चेतन प्रकाश ने छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका समझाई। उन्होंने छात्राओं से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

अच्छे जनप्रतिनिधि के चयन में मतदान की अहम भूमिका

कार्यक्रम में सी.एल. शर्मा, जेटीए गंगापुर सिटी ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदान के माध्यम से ही मतदाता अपने क्षेत्र के योग्य जनप्रतिनिधि का चयन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सही जनप्रतिनिधि के चयन से क्षेत्र के विकास और नगर पालिका की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।

बिना लोभ-लालच के मतदान की अपील

केशव मीना, कनिष्ठ अभियंता नगर पालिका वजीरपुर ने छात्राओं एवं उपस्थितजनों से निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान करते समय किसी भी प्रकार के लोभ, लालच या प्रलोभन में नहीं आना चाहिए और अपने विवेक के आधार पर योग्य उम्मीदवार का चयन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाताओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

छात्राओं को दिलाई मतदाता जागरूकता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान सोहन लाल गुप्ता, उप प्रधानाचार्य ने उपस्थित छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने और मतदान के महत्व को परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पंकज मीना, विक्रम सिंह, हेमेंद्र, नरेंद्र गुप्ता, शुभम मित्तल, चेतराम प्रजापत सहित महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *