सड़क किनारे घायल गोवंश को देखकर बीडीओ सुनील कुमार ने रुकवाई गाड़ी, पशु चिकित्सक बुलाकर करवाया प्राथमिक उपचार
प्रयागराज। खंड विकास अधिकारी शंकरगढ़ सुनील कुमार की मानवता और संवेदनशीलता ने एक बार फिर मिसाल पेश की है। रास्ते से गुजरते हुए सड़क किनारे घायल गोवंश को देखकर उन्होंने न सिर्फ अपनी गाड़ी रुकवाई, बल्कि खुद सड़क पर उतरकर उसके उपचार की व्यवस्था करवाई।
सड़क किनारे घायल गोवंश पर पड़ी बीडीओ की नजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे खंड विकास अधिकारी शंकरगढ़ सुनील कुमार ब्लॉक कार्यालय से जिले में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन ग्राम पंचायत कपारी स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े एक गोवंश पर उनकी नजर पड़ी।
घायल गोवंश दर्द से तड़प रहा था। यह देखकर बीडीओ ने तत्काल चालक से गाड़ी रोकने को कहा। इसके बाद उन्होंने खुद गाड़ी से नीचे उतरकर गोवंश की स्थिति देखी और उसके उपचार की व्यवस्था शुरू करवाई।
प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी को दी सूचना
बीडीओ सुनील कुमार ने मौके से ही ग्राम पंचायत अधिकारी सुनील सिंह और ग्राम प्रधान सुभाष को सूचना दी। कुछ ही देर में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद बीडीओ ने तत्काल पशु चिकित्सक को बुलवाकर घायल गोवंश का प्राथमिक उपचार करवाया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस दौरान बीडीओ की संवेदनशीलता और तत्परता को देखा।
बोले बीडीओ, बेजुबान की सेवा सबसे बड़ा धर्म
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि रास्ते से गुजरते समय घायल अवस्था में गोवंश को देखना बहुत पीड़ादायक था। उन्होंने कहा कि एक अधिकारी होने के साथ-साथ हमारा पहला कर्तव्य मानवता है। बेजुबान की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। इसलिए तत्काल प्रधान और सचिव को बुलाकर घायल गोवंश का उपचार करवाया गया।
स्वस्थ होने तक देखरेख के दिए निर्देश
बीडीओ ने ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि जब तक घायल गोवंश पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाता, तब तक उसकी देखरेख और खान-पान की समुचित व्यवस्था ग्राम पंचायत की ओर से की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंश के स्वस्थ होने के बाद उसे नजदीकी गौशाला में सुरक्षित शिफ्ट कर दिया जाए।
स्थानीय लोगों ने की बीडीओ की सराहना
बीडीओ की इस दयालुता और तत्परता को देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि यदि सभी अधिकारी इसी तरह संवेदनशीलता दिखाएं तो बेजुबानों को भी समय पर मदद मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।