नदबई में महाराजा सूरजमल शिक्षक समिति के सम्मेलन में पांच सूत्रीय मांगें


तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति और गैर-शिक्षण कार्यों से मुक्ति सहित पांच मांगों को लेकर एकजुटता का लिया संकल्प

नदबई। नदबई में लुहासा रोड स्थित निजी विद्यालय में शनिवार को महाराजा सूरजमल शिक्षक समिति संघ का जिलास्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु जैन मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने की। वहीं सुरेश भातरा, राजेन्द्र सिंह जिलेदार, धर्मपाल चौधरी एवं प्रबंधक मानिक चंद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का किया शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि हिमांशु जैन ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद सम्मेलन में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने शिक्षकों से संगठित होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।

तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण सहित पांच मांगें

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाईं। उन्होंने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, शिक्षकों की पदोन्नति, शिक्षकों को गैर-शिक्षण कार्यों से मुक्ति, रिक्त पदों पर भर्ती तथा दो से अधिक संतान होने पर परिलाभ की कटौती बंद करने की मांग रखी।

सम्मेलन में इन पांच सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन की ओर से एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

विद्यार्थियों की सफलता के लिए अनुशासन पर जोर

सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु जैन ने विद्यार्थियों की सफलता के लिए अनुशासन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी अनुशासन में रहना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया।

अतिथियों का माला-साफा पहनाकर किया अभिनंदन

सम्मेलन में जिलाध्यक्ष रूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों ने उपस्थित अतिथियों का माला-साफा पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।

इस दौरान महासचिव नरेन्द्र सिंह सिनसिनी, पूर्व जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह, गजेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश आरपी, कोषाध्यक्ष लाखन सिंह, सुरेश चौधरी, रूप चौधरी, रणधीर सिंह भौसिंगा, घनश्याम डागुर एवं जदवीर सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *