अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में मोटिवेशनल कार्यक्रम, एसीपी जितेंद्र मीणा ने छात्राओं को निरंतर अध्ययन, लक्ष्य और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
गंगापुर सिटी। सफलता का मूल मंत्र निरंतर अध्ययन करना है। यह बात शनिवार को अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में आयोजित मोटिवेशनल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिल्ली जितेंद्र मीणा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कही। छात्राओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर सीखने और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।
मोबाइल और रील से दूरी बनाकर अध्ययन पर दें ध्यान
जितेंद्र मीणा ने कहा कि स्नातक कोर्स का मतलब ज्ञान की गंगा में स्नान करना है। जब विद्यार्थी महाविद्यालय से निकलते हैं तो वह मानव सभ्यता के सबसे स्वर्णिम दौर में प्रवेश करते हैं और देश के लिए कुछ करने के लिए तैयार होते हैं। इसके लिए निरंतर सीखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा, जब युवा वर्ग मोबाइल, स्क्रीन, रील आदि भौतिक साधनों को अपनी दिनचर्या में शामिल नहीं करेगा। सफलता प्राप्त करने के लिए जरूरी है कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर ध्यान केंद्रित करें, सीखें, आगे बढ़ें और जीवन का आनंद लें।
कर्म पर ध्यान देने का दिया संदेश
विद्यार्थी जीवन में श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसिद्ध श्लोक “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” का महत्व बताते हुए जितेंद्र मीणा ने कहा कि हमारा अधिकार केवल कर्म करने में है, उसके फल पर कभी नहीं।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि सफलता या असफलता की चिंता से ऊपर उठकर अपना श्रेष्ठ प्रयास करना ही विद्यार्थियों का श्रेष्ठ कर्म और धर्म है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर प्रयास करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
श्रेष्ठ शिक्षा से जीवन का मार्ग प्रशस्त करने की बात
अतिथि प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी प्रो. रामकेश मीणा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि महाविद्यालय में शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रवेश लिया है तो प्रथम कर्तव्य लक्ष्य निर्धारित कर श्रेष्ठ शिक्षा प्राप्त करना है। इससे विद्यार्थी अपने जीवन का उन्नत मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।
उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपने लक्ष्य के प्रति गंभीरता से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सकारात्मक सोच के साथ शुरुआत करने का आह्वान
अग्रवाल शिक्षण संस्थान के महामंत्री एवं अकाउंटेंट गिर्राज प्रसाद गुप्ता ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी छात्राएं अपने गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलें। इससे निश्चित रूप से उनकी मंजिल उनके पास होगी।
उन्होंने कहा कि संघर्ष की हमेशा जीत होती है और असंभव कुछ भी नहीं है। जरूरत केवल सकारात्मक सोच के साथ शुरुआत करने की है।
सफलता के लिए जिद और मेहनत जरूरी
अग्रवाल कन्या महाविद्यालय के सचिव बाबूलाल गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अग्रवाल शिक्षण संस्थान सदैव छात्राओं को श्रेष्ठ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयत्नशील है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में यहां की छात्राओं का भारतीय एवं राज्य प्रशासनिक सेवाओं में चयन हुआ है। उन्होंने छात्राओं से भी श्रेष्ठ शिक्षा प्राप्त कर सफलता हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि सफलता हासिल करनी है तो सफलता प्राप्त करने की जिद बनानी होगी।
अतिथियों का किया स्वागत और आभार
महाविद्यालय प्रवक्ता प्रो. संतोष मंगल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वागत उद्बोधन दिया तथा अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया। वहीं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बी.एस. गुर्जर ने सभी आगंतुक अतिथियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय के प्रवक्ता धर्मवीर मीणा, अग्रवाल शिक्षण संस्थान निर्माण संयोजक ओमप्रकाश गुप्ता (पीएनबी), कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार गोयंका, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।