एसीपी बारा ने घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी से शंकरगढ़ सीएचसी पहुंचाया, थाना पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
प्रयागराज। राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर सोमवार को शिवराजपुर चौराहे के पास बुलेट और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों चालकों के सिर व पैरों में चोटें आईं।
पास लेने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुलेट सवार सत्यम पांडे (24) जेके सीमेंट प्लांट से लोहगरा की ओर जा रहा था। वहीं बाइक सवार मेसर (22) दांदूपुर से शिवराजपुर की तरफ आ रहा था।
बताया गया कि शिवराजपुर चौराहे के पास एक फोर व्हीलर वाहन से पास लेने के दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों चालक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे।
एसीपी बारा ने सरकारी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मदद करते हुए अपनी सरकारी गाड़ी से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ पहुंचाया।
मौके पर थाना अध्यक्ष शंकरगढ़ प्रीतम कुमार तिवारी पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद रहे और दुर्घटना के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
हेलमेट को लेकर दी नसीहत
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा ने दोनों घायलों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हेलमेट सड़क हादसे में सिर की चोट से बचाव का महत्वपूर्ण साधन है और बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाना चाहिए।
घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने की एसीपी की तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि हादसे के समय पुलिस अधिकारी द्वारा तत्काल मदद पहुंचाना मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण है।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।