एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी ने मुख्य न्यायाधीश और रजिस्ट्रार जनरल को भेजा मांग पत्र, स्थायी लोक अदालत के नियमित संचालन की भी मांग
सवाई माधोपुर। जिला एवं सत्र न्यायालय सवाई माधोपुर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रिक्त पद पर तत्काल नियुक्ति तथा स्थायी लोक अदालत का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग को लेकर एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी ने राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं रजिस्ट्रार जनरल को विशेष मांग पत्र भेजा है।
दो माह से रिक्त है जिला एवं सत्र न्यायाधीश का पद
मांग पत्र में बताया गया कि सवाई माधोपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में जिला एवं सत्र न्यायाधीश का पद करीब दो माह से रिक्त है। मांग पत्र के अनुसार पद रिक्त रहने से न्यायिक कार्य के साथ-साथ न्यायालय की प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी ने रिक्त पद पर तत्काल योग्य न्यायिक अधिकारी की नियुक्ति या पदस्थापना किए जाने की मांग की है।
स्थायी लोक अदालत के नियमित संचालन की मांग
मांग पत्र में सवाई माधोपुर की स्थायी लोक अदालत का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। एडवोकेट भूप्रेमी के अनुसार नियमित संचालन नहीं होने से मामलों में लगातार अगली तारीखें पड़ रही हैं, जिससे पक्षकारों को अनावश्यक रूप से न्यायालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने स्थायी लोक अदालत में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए नियमित कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग रखी है।
समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने की मांग
मांग पत्र में प्रमुख रूप से रिक्त पद पर तत्काल नियुक्ति, स्थायी लोक अदालत का नियमित संचालन, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा आमजन को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की गई है।
एडवोकेट मुकेश भूप्रेमी ने उम्मीद जताई कि न्यायहित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।