पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने सड़कों, बिजली, सफाई, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग समेत सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के दिए निर्देश
प्रयागराज। दशहरा एवं दुर्गा पूजा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को संगम सभागार में पुलिस प्रशासन, कार्यदायी विभागों तथा दुर्गा पूजा और रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की सहअध्यक्षता पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने की।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्गा पूजा और रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों से आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।
सड़क, सफाई और प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और पार्किंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत कराने को कहा। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ लटके और जर्जर तारों की मरम्मत, खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने तथा रास्तों पर लटक रही पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम को स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के साथ ही शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई और छुट्टा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी पंचायतीराज विभाग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील स्थानों का संयुक्त भ्रमण करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों का भी भ्रमण करने को कहा।
सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला मार्गों का निरीक्षण कर वहां मौजूद कमियों को समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए गए।
एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम रहेगी उपलब्ध
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आयोजन के दौरान एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी गैर-परंपरागत कार्य नहीं होगा और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
यातायात, डायवर्जन और पार्किंग पर विशेष जोर
बैठक में यातायात व्यवस्था, डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थलों पर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने को कहा गया।
इसके साथ ही अपराध निरोधक, सिविल डिफेंस और अन्य सहयोगी विभागों के कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
झांकियों का निश्चित क्रम और निर्धारित ऊंचाई जरूरी
पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि मेले में निकलने वाली झांकियों का निश्चित क्रम होना चाहिए और उनकी ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए।
उन्होंने कमेटियों से कहा कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ ही आयोजन के दौरान सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
मानक के अनुरूप ही बजाया जाए साउंड
पुलिस आयुक्त ने कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि किसी को परेशानी न हो।
उन्होंने दुर्गा पूजा और रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों से अपने-अपने वालंटियरों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, जिससे प्रशासन और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय के साथ मेला और धार्मिक आयोजन संपन्न कराया जा सके।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।