शंकरगढ़ के सिद्धपीठ शिवशक्ति हनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ कन्या पूजन, श्रद्धालुओं ने कन्याओं और लंगूर का आशीर्वाद लिया
प्रयागराज। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर यमुनानगर के शंकरगढ़ क्षेत्र में बेनीपुर रोड नंबर-4 स्थित सिद्धपीठ शिवशक्ति हनुमान मंदिर में परंपरागत कन्या पूजन का आयोजन किया गया। नवरात्रि के षष्ठी पूजन पर नौ कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के रूप में तथा एक बालक को लंगूर यानी भैरव बाबा के प्रतीक स्वरूप पूजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु शामिल हुईं।
नौ कन्याओं में किए मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के दर्शन
मंदिर समिति की ओर से आयोजित पूजन में नौ कन्याओं को मां दुर्गा के नौ रूपों—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के प्रतीक के रूप में पूजा गया। साथ ही एक बालक को लंगूर अर्थात भैरव बाबा के रूप में पूजित किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, कन्या पूजन के साथ लंगूर पूजन भी आवश्यक माना जाता है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि लंगूर को भगवान शिव के स्वरूप काल भैरव का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि भैरव बाबा मां दुर्गा के रक्षक के रूप में उनके साथ रहते हैं और नौ कन्याओं के साथ लंगूर पूजन करने से पूजा पूर्ण मानी जाती है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं के चरण गंगाजल से पखारे गए। उनके माथे पर रोली-कुमकुम का तिलक लगाया गया और चुनरी ओढ़ाकर आसन पर बैठाया गया। इसके बाद धूप-दीप से आरती कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
कन्याओं को फल, मिष्ठान, वस्त्र और श्रद्धानुसार दक्षिणा भेंट की गई। श्रद्धालुओं ने कन्याओं और लंगूर का आशीर्वाद लिया।
मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल
नवरात्रि में कन्या पूजन को मां दुर्गा की आराधना का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इस पूजा से माता रानी की कृपा प्राप्त होती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
कन्या पूजन के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं। नौ कन्याओं और लंगूर के पूजन का दृश्य देखकर भक्त भाव-विभोर हो गए और सभी ने माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।