डॉ. सूरज प्रकाश जयंती पर भारत विकास परिषद ने सेवा पखवाड़े की शुरुआत करते हुए नशा मुक्ति संगोष्ठी और हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी। डॉ. सूरज प्रकाश जयंती पर भारत विकास परिषद सेवा पखवाड़ा की शुरुआत शनिवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ की गई। परिषद की शाखा शाहपुरा द्वारा आयोजित इस अवसर पर नशा मुक्ति को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया और युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
नशा मुक्ति संगोष्ठी में समाज को जागरूक करने पर जोर
सेवा पखवाड़े के शुभारंभ के तहत नई मुस्कान सेवा संस्थान नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में नशा मुक्त समाज के निर्माण तथा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में परिषद अध्यक्ष पवन बांगड़, संचिना कला संस्थान अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक, मॉडल स्कूल प्रधानाचार्य ईश्वर मीणा, कादीसहना प्रधानाचार्य धारासिंह मीणा, अधिवक्ता कमलेश मुंडेतिया, थानमल परिहार तथा जयदेव जोशी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुनर्वास केंद्र के संचालक पहाड़िया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए केंद्र की गतिविधियों एवं कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
युवाओं से नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील
संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशा जीवन और परिवार दोनों को बर्बाद करता है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सामाजिक सेवा का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
रामनिवास धाम में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ
इस बीच रामनिवास धाम में नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यवाहक भंडारी संत नवनिधराम महाराज ने प्रथम हस्ताक्षर कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नशा समाज के लिए घातक है और प्रत्येक व्यक्ति को इससे दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाना चाहिए।
इसके बाद उपस्थित भक्तों ने भी हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।