दीपावली पर गौ माता के सम्मान में जलेगा एक दीया, विधायक कोठारी की अपील


राष्ट्रीय गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत ‘एक दीया गौ माता के नाम’ पहल शुरू, श्री लक्ष्मी पूजन पाठों का विमोचन कर मंदिरों और आश्रमों में किया वितरण

भीलवाड़ा। दीपावली के रोशनी भरे पर्व पर इस बार गौ माता के सम्मान और सेवा का संकल्प भी जुड़ेगा। राष्ट्रीय गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत ‘एक दीया गौ माता के नाम’ पहल को लेकर भीलवाड़ा शहर में जनजागरण किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन से दीपावली पर गौ माता के सम्मान में एक दीपक प्रज्वलित करने के साथ गौ सेवा, गौ संरक्षण और स्वदेशी को अपनाने की अपील की जा रही है।

इसी क्रम में भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अपने कार्यालय में भरक ग्राम के नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच का सद् साहित्य भेंटकर स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक ने श्री लक्ष्मी पूजन पाठों का विमोचन किया और उपस्थित नागरिकों को उनका वितरण किया।

दीपोत्सव संस्कृति और सनातन मूल्यों के प्रति आस्था का पर्व

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अयोध्या धाम से श्रीरामलला के पावन संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपनी संस्कृति, परंपराओं और सनातन मूल्यों के प्रति आस्था प्रकट करने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि गौ माता और श्री नंदी बाबा ठाकुरजी को अत्यंत प्रिय हैं। गौ माता की सेवा, रक्षा और सम्मान हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। प्रत्येक परिवार को गौ सेवा का संकल्प लेकर दीपोत्सव मनाना चाहिए।

विधायक ने नागरिकों से आह्वान किया कि इस दीपावली पर गौ माता के सम्मान में एक दीप अवश्य जलाएं। उन्होंने त्योहारों पर ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस दौरान उन्होंने मां अन्नपूर्णा से सभी परिवारों की सुख-समृद्धि और उनके शुभ संकल्पों की पूर्ति की कामना की।

संतों और जनप्रतिनिधियों के सानिध्य में हो रहा पाठों का वितरण

अभियान के जिला समन्वयक सुनील जागेटिया ने बताया कि परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज, विधायक अशोक कुमार कोठारी, जिला संत लाल महाराज, संभाग प्रभारी नंदलाल साहू एवं जिला प्रभारी जगदीश तेली के सानिध्य में श्री लक्ष्मी पूजन पाठों का वितरण किया जा रहा है।

इसी क्रम में शहर के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में श्रद्धालुओं को लक्ष्मी पूजन पाठे वितरित किए गए तथा दीपावली पर गौ माता के नाम एक दीपक जलाने का संदेश दिया गया।

खड़ेश्वर धाम पर श्रद्धालुओं को बांटे पाठे

खड़ेश्वर धाम पर बापू तेज सिंह पुरावत के सानिध्य में श्री लक्ष्मी पूजन पाठों का वितरण किया गया। इस दौरान गजराज सिंह, मोडु राम गायक, खेमाराम देवासी, किशन सिंह, रामेश्वर दास एवं राकेश गोस्वामी मौजूद रहे।

हाथी भाटा आश्रम में भी हुआ वितरण

हाथी भाटा आश्रम में महंत संत दास जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं को श्री लक्ष्मी पूजन पाठे वितरित किए गए। इस दौरान अभियान के संदेश के माध्यम से लोगों को गौ माता के सम्मान और सेवा के लिए प्रेरित किया गया।

पंचमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं को मिला संदेश

रीको क्षेत्र तृतीय फेज स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पुजारी मुरारी पांडे के सानिध्य में पाठों का वितरण हुआ। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी गोविंद पुरोहित सहित श्यामलाल, जमुना दास, कालू लाल, कृष्ण गोपाल दवे, कृष्ण कुमार, कृष्ण गोपाल, धोलू राम, सांवरमल, राजेश, कमला, रेखा, लीलाराम एवं भूराराम उपस्थित रहे।

सभी की मौजूदगी में श्रद्धालुओं को श्री लक्ष्मी पूजन पाठे वितरित किए गए और दीपावली पर गौ माता के सम्मान में दीपक प्रज्वलित करने का आह्वान किया गया।

आजाद नगर में भी हुआ लक्ष्मी पूजन पाठों का वितरण

आजाद नगर स्थित सगस जी महाराज के स्थान पर पार्षद प्रतिनिधि बादल सिंह के नेतृत्व में श्री लक्ष्मी पूजन पाठों का वितरण किया गया। इस दौरान ओमप्रकाश जाट, दीपेंद्र सिंह, पराक्रम सिंह, शेर सिंह, सूरज जाट, विनोद जाट, बद्रीलाल, अंकित शर्मा, सोनू सोनी एवं किशन लाल ने श्रद्धालुओं को पाठे वितरित किए।

यहां भी श्रद्धालुओं से दीपावली पर गौ माता के नाम एक दीपक प्रज्वलित करने और गौ सेवा के संकल्प को अपनाने की अपील की गई।

गौ सेवा, संरक्षण और स्वदेशी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील

राष्ट्रीय गौ सम्मान आवाहन अभियान के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई है कि दीपावली पर गौ माता के सम्मान में एक दीप जलाने के साथ गौ सेवा, गौ संरक्षण, स्वदेशी और सामाजिक सहभागिता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।

अभियान का उद्देश्य दीपोत्सव के उल्लास के साथ समाज में गौ माता के प्रति सम्मान, सेवा और संरक्षण की भावना को मजबूत करना है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *