बिरसा मुंडा जयंती पर राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में हुआ भव्य आयोजन


धरती आबा के जीवन, संघर्ष और बलिदान को किया याद, वक्ताओं ने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का किया आह्वान

गंगापुर सिटी। राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने उनके प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष, सामाजिक चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

पूर्व प्राचार्य प्रो. श्यामलाल मीना ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो. श्यामलाल मीना ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्रपट पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. आर.सी. वर्मा तथा समाजसेवी एवं विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक श्री बाबूलाल सोप उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामकेश आदिवासी और वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. सुरेश चंद मीना खरेड़ा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

बिरसा मुंडा के संघर्ष और प्रेरणादायी जीवन पर डाला प्रकाश

मुख्य अतिथि प्रो. श्यामलाल मीना ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज एवं देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि डॉ. आर.सी. वर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक चेतना, जनजातीय अधिकारों और स्वतंत्रता आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने उनके संघर्ष और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों को याद किया।

समाजसेवी एवं विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक श्री बाबूलाल सोप ने भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और समाज के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।

आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और संघर्ष के प्रतीक हैं भगवान बिरसा मुंडा

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामकेश आदिवासी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान, संघर्ष और सामाजिक चेतना का अप्रतिम प्रतीक है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा, जनजातीय समाज के अधिकारों तथा स्वतंत्रता आंदोलन के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।

प्राचार्य ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का अदम्य साहस, नेतृत्व और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। समाज और देश के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके जीवन से हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, समाज के हित में कार्य करने और अपने स्वाभिमान की रक्षा करने की प्रेरणा मिलती है।

प्रो. सुरेश चंद मीना खरेड़ा ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. सुरेश चंद मीना खरेड़ा ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों और उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया।

समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों में जनजातीय गौरव, सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय स्वाभिमान और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवकों सहित विद्यार्थी रहे उपस्थित

इस अवसर पर महाविद्यालय के एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाएं आकाश सैनी, शारदा, निशा बैरवा सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *