वनवासी कल्याण परिषद ने किया आयोजन, वक्ताओं ने जल, जंगल, जमीन और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए उनके आंदोलन को किया याद
भीलवाड़ा। जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देने वाले भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भीलवाड़ा में उनके संघर्षपूर्ण जीवन, बलिदान और विचारों को याद किया गया। इस अवसर पर वनवासी कल्याण परिषद की ओर से संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने नई पीढ़ी को बिरसा मुंडा के संघर्ष और उनके योगदान से रूबरू कराया।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने बताया कि किस तरह बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और सांस्कृतिक हस्तक्षेप के खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने वनवासी समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जनआंदोलन खड़ा किया था। उनका संघर्ष जनजातीय समाज के अधिकारों, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण रहा।
मिशनरी स्कूल में शिक्षा के दौरान समझा सांस्कृतिक हस्तक्षेप
वनवासी नगरीय आयाम प्रमुख रामप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। उन्होंने बचपन में मिशनरी स्कूल में शिक्षा प्राप्त की थी। वहां वनवासी बच्चों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ छेड़छाड़ होते देखकर उन्हें अंग्रेजी शासन और मिशनरी गतिविधियों के बीच संबंधों का अहसास हुआ।
उन्होंने समझा कि अंग्रेजी हुकूमत और मिशनरी संस्थाएं वनवासी समाज की जमीन, सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं को प्रभावित कर रही हैं। अंग्रेज सरकार अपने एजेंटों के माध्यम से वनवासी समाज का शोषण और उस पर अत्याचार कर रही थी। इन परिस्थितियों ने बिरसा मुंडा को समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
करीब 100 गांवों में किया जनजागरण, अंग्रेजों के खिलाफ खड़ा किया आंदोलन
रामप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि किशोरावस्था में ही बिरसा मुंडा ने पढ़ाई छोड़कर समाज को जागरूक करने का बीड़ा उठाया। उन्होंने करीब 100 गांवों में जनजागरण अभियान चलाया और लोगों को अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के खिलाफ संगठित किया। उन्होंने वनवासी समाज को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
बिरसा मुंडा की बढ़ती लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता से अंग्रेज सरकार घबरा गई। इसके बाद वर्ष 1900 में अंग्रेज सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। जेल में ही संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई। उनके संघर्ष, बलिदान और समाज के प्रति समर्पण के कारण वनवासी समाज उन्हें भगवान का दर्जा देकर पूजता है।
संसद परिसर में स्थापित है बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा
जिला उपाध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि बिरसा मुंडा के सम्मान में संसद भवन परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिवर्ष राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करते हैं।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को सम्मान देना है। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद किया जाता है।
संगोष्ठी में अनेक गणमान्यजन रहे उपस्थित
वनवासी कल्याण परिषद की ओर से आयोजित इस संगोष्ठी में बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, विचारों और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में रूपलाल अजमेरा, भागचंद बाहेती, ओम गंदोडीया, पुरुषोत्तम नथरानी, नरेश ओझा, नरेंद्र काबरा, गोपाल शर्मा, कमल गोखरू, मनीषा जाजू, स्नेहा बाहेती, अंजना तोषनीवाल, बसंता पारासर, पुष्पा अग्रवाल, अनिता काबरा एवं गुणमाला अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।