सवाई माधोपुर में नवजात बालिकाओं के जन्म पर लगाए 11 पौधे, ग्रीन कार्ड भी किए वितरित


‘सृजन की सुरक्षा’ योजना के तहत जीनापुर ग्राम पंचायत को किया शामिल, बालिकाओं को विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल

सवाई माधोपुर। पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर की ओर से गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीनापुर में वृक्षारोपण एवं ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार रालसा वन एवं बालिका वर्ष 2025 के अंतर्गत संचालित ‘सृजन की सुरक्षा (ईको-फेमिनिज्म)’ योजना के तहत नवजात बालिकाओं के जन्म पर पौधारोपण और उन्हें ग्रीन कार्ड प्रदान करने की पहल की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता जूली खण्डेलवाल एवं बृजेन्द्र विजयवर्गीय ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण दोनों ही समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। इसी सोच को साकार करने के लिए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से ‘सृजन की सुरक्षा’ योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रत्येक नवजात बालिका के जन्म पर लगाए जाएंगे 11 पौधे

पैनल अधिवक्ताओं ने बताया कि योजना के तहत जिले में पूर्व में चयनित खिलचीपुर, शेरपुर और डेकवा ग्राम पंचायतों के अतिरिक्त अब जीनापुर ग्राम पंचायत को भी शामिल किया गया है। चयनित ग्राम पंचायतों में प्रत्येक नवजात बालिका के जन्म पर 11 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इन पौधों की देखभाल बालिका के परिवार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति परिवार और समाज की जिम्मेदारी को भी मजबूत करना है।

नवजात बालिकाओं को मिलेगा ग्रीन कार्ड, योजनाओं तक पहुंच होगी आसान

पैनल अधिवक्ता जूली खण्डेलवाल एवं बृजेन्द्र विजयवर्गीय ने ग्राम डेकवा में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिका को विशिष्ट पहचान पत्र के रूप में ग्रीन कार्ड प्रदान करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह ग्रीन कार्ड बालिकाओं के सुरक्षित और सशक्त भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इसके माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा संबंधी अवसरों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘सृजन की सुरक्षा’ योजना इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

अधिकारियों, माताओं और ग्रामीणों ने किया पौधारोपण

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विभागीय अधिकारियों, नवप्रसूता माताओं, ग्रामवासियों, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया। साथ ही प्रत्येक नवजात बालिका के परिजनों को पौधे वितरित कर उनके उचित रखरखाव और संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवल किशोर मीना, शिक्षा विभाग से अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) सरोज मिश्रा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अजय सोनी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीनापुर की प्रिंसिपल धर्मेष्ठा, अधिकार मित्र मुकेश कुमार शर्मा, मगनलाल मीना, धनराज मीना, गिर्राज रैगर सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *