नौकरी देने वाले युवा उद्यमियों को भी प्रशासनिक अधिकारियों के समान सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा मिलनी चाहिए।
प्रयागराज। गांव-समाज में किसी युवक के प्रशासनिक अधिकारी बनने पर जिस तरह उसका और उसके पूरे परिवार का सम्मान किया जाता है, वैसी प्रतिष्ठा कड़ी मेहनत से उद्योग स्थापित कर सैकड़ों युवाओं को रोजगार देने वाले उद्यमी को क्यों नहीं मिलती? यह सवाल आज हमारी सामाजिक सोच और प्राथमिकताओं पर गंभीर बहस की मांग करता है। आखिर अफसर को सम्मान क्यों और उद्यमी को क्यों नहीं?
गांव में जब कोई युवा प्रशासनिक अधिकारी बनता है तो पूरा इलाका उसे वीआईपी की तरह देखने लगता है। उसके माता-पिता, घर और यहां तक कि उसके पालतू पशुओं तक को विशेष सम्मान मिलने लगता है। वहीं दूसरी ओर, कोई युवा अपनी मेहनत और लगन से कंपनी खड़ी करता है, फैक्ट्री लगाता है और सैकड़ों युवाओं को रोजगार देता है, तो उसे वैसी सामाजिक पहचान नहीं मिलती।
अफसर नौकरी करता है, उद्यमी नौकरी देता है
हमारे गांव और समाज में आज भी यह मानसिकता गहराई से मौजूद है कि अफसर बनना यानी कुर्सी और पावर हासिल करना। लोगों को लगता है कि अब कार्यालयों में फोन चलेगा, ब्लॉक और तहसील में काम होगा। यही वजह है कि अधिकारी बनने पर पूरा गांव उसके घर मिठाई लेकर पहुंच जाता है।
इसके उलट, जब कोई युवा दुकान खोलता है, फैक्ट्री लगाता है या अपना कारोबार शुरू करके 50 से 100 युवाओं को नौकरी देता है, तो समाज उसे केवल व्यवसाय करने वाला व्यक्ति समझता है। लोग यह नहीं सोचते कि वह अपने कारोबार के माध्यम से कितने परिवारों के घर का चूल्हा जला रहा है।
सवाल यह है कि जो व्यक्ति सौ परिवारों को रोजगार और आजीविका का सहारा दे रहा है, वह सम्मान के मामले में किसी अधिकारी से छोटा कैसे हो सकता है? एक अधिकारी अपने परिवार का पालन-पोषण करता है, जबकि एक उद्यमी अपने साथ अनेक परिवारों की आजीविका का माध्यम बनता है।
युवा उद्यमी ही देश की समृद्धि के स्तंभ
युवा उद्यमी देश की आर्थिक समृद्धि के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्हें हर तरह का संरक्षण देना सरकार और समाज दोनों का दायित्व है। आज अमेरिका, चीन और जापान जैसे देश आगे क्यों हैं? इसके पीछे उद्यमिता और उद्यमियों को मिलने वाला महत्व भी एक बड़ा कारण है। वहां कोई युवा कंपनी स्थापित करता है तो समाज उसे हीरो की तरह देखता है।
लेकिन हमारे यहां कोई युवा कंपनी शुरू करता है तो उससे पूछा जाता है कि नौकरी क्यों नहीं लगी? कहीं सेटिंग नहीं हुई क्या? यह सोच युवाओं की उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के बजाय उन्हें नौकरी पाने तक सीमित कर देती है।
जब तक युवा उद्यमियों को समाज में उचित सम्मान और पहचान नहीं मिलेगी, तब तक देश के विकास की कल्पना अधूरी रहेगी। उद्यमियों को भी प्रशासनिक अधिकारियों के समान सामाजिक प्रतिष्ठा मिलनी चाहिए।
उद्यमियों को भी मिले अधिकारियों जैसा सम्मान
जिस तरह किसी प्रशासनिक अधिकारी के गांव आने पर उसका स्वागत किया जाता है, उसी तरह उद्यमी के गांव आने पर भी सम्मान होना चाहिए। अधिकारी को मंच पर विशेष कुर्सी मिलती है तो उद्यमी को भी वही सम्मान मिलना चाहिए। अधिकारी के माता-पिता को सम्मानित किया जाता है तो उद्यमी के माता-पिता को भी सम्मान मिलना चाहिए।
आखिर उन्होंने ऐसा बेटा तैयार किया है जो केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को नौकरी देने वाला बना है। यह उपलब्धि भी समाज के लिए गर्व का विषय होनी चाहिए।
प्रशासनिक अधिकारी सरकार की व्यवस्था चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं उद्यमी रोजगार के अवसर पैदा करके देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाते हैं। देश के विकास में दोनों की अपनी-अपनी अहम भूमिका है। जब दोनों की जरूरत है तो फिर एक को सिर पर और दूसरे को पैर तले रखने जैसी मानसिकता क्यों?
नौकरी देने वाला भी बने समाज का असली हीरो
समाज को अपनी सोच बदलने की जरूरत है। केवल सरकारी नौकरी हासिल करना ही सफलता का पैमाना नहीं होना चाहिए। कारोबार स्थापित करना, उद्योग लगाना और युवाओं को रोजगार देना भी उतनी ही बड़ी उपलब्धि है। युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन और सम्मान देकर ही देश में रोजगार सृजन की संस्कृति को मजबूत किया जा सकता है।
अंत में बात सिर्फ इतनी है कि जिस दिन गांव में किसी उद्यमी के घर भी उतनी ही भीड़ जुटने लगेगी, जितनी किसी प्रशासनिक अधिकारी के घर जुटती है, उस दिन समझिए कि देश की सोच वास्तव में आगे बढ़ रही है। नौकरी पाने वाला ही नहीं, नौकरी देने वाला भी समाज का असली हीरो है।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।