प्रयागराज में 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, इन मामलों का होगा निस्तारण


सुबह 10 बजे से जिला मुख्यालय और सभी तहसीलों में लगेगी लोक अदालत, आपसी सुलह-समझौते से मामलों के निपटारे का मिलेगा अवसर।

प्रयागराज।प्रयागराज में आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शेष मणि के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय और जनपद की समस्त तहसीलों में सुबह 10 बजे से राष्ट्रीय लोक अदालत शुरू होगी। इसमें विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सुलह और समझौते के आधार पर किया जाएगा।

इन मामलों का होगा आपसी समझौते से निस्तारण

राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक वसूली वाद, दीवानी मामले, आपराधिक शमनीय वाद, बिजली बिल विवाद, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले, वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा अधिनियम के मामले और चेक बाउंस से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

इसके अलावा वाणिज्यिक वाद, राजस्व वाद, उत्तराधिकार वाद, ट्रैफिक चालान तथा अन्य मामलों को भी आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निपटाने का अवसर मिलेगा।

ट्रैफिक चालान के निस्तारण के लिए हेल्प डेस्क स्थापित

जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की ओर से आयोजित बैठक में वर्चुअल कोर्ट के माध्यम से ऑनलाइन समन शुल्क जमा करने के संबंध में जागरूकता शिविर आयोजित करने और अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए सुझाव दिए गए थे।

इन्हीं सुझावों के अनुपालन में ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है।

लंबित ट्रैफिक चालान के लिए वादकारियों से अपील

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से समस्त वादकारियों से अनुरोध किया गया है कि वर्चुअल कोर्ट में लंबित ट्रैफिक चालानों के निस्तारण के लिए संबंधित न्यायालय में स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के साथ उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपने मामलों का निस्तारण कराएं।

इसके साथ ही किसी भी प्रकार की विधिक सहायता प्राप्त करने या अपने वाद से संबंधित जानकारी लेने के लिए वादकारी कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज में उपस्थित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *