देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल में हुआ सम्मान, शोध और शिक्षण के क्षेत्र में दे चुकी हैं उल्लेखनीय योगदान
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की नैनीताल निवासी प्रोफेसर गीता तिवारी को टीचर ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान देहरादून में आयोजित सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल के समापन समारोह में प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर नैनीताल सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
यूकॉस्ट के सेमिनार हॉल में प्रदान किया गया पुरस्कार
दिव्या हिमगिरि, यूकॉस्ट, यूपीएस और ओएनजीसी की ओर से आयोजित सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल के समापन कार्यक्रम में यूकॉस्ट देहरादून के सेमिनार हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रोफेसर गीता तिवारी के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए डॉक्टरों और प्रोफेसरों को भी सम्मानित किया गया। प्रमुख सचिव उत्तराखंड सरकार मीनाक्षी सुंदरम, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत तथा उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर तृप्ता ठाकुर ने सम्मान प्रदान किए।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं 110 शोध पत्र
प्रोफेसर गीता तिवारी ने नेट और गेट की परीक्षाएं उत्तीर्ण करने के साथ पंतनगर विश्वविद्यालय से पीएचडी पूर्ण की है। वर्तमान में वह कुमाऊं विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
शोध के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके 110 शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा वह दो टेक्स्ट बुक और तीन एडिटेड पुस्तकों से जुड़ी हैं। उनके द्वारा 13 प्रोजेक्ट पूर्ण किए जा चुके हैं तथा उनके निर्देशन में 11 विद्यार्थी शोध कार्य कर चुके हैं।
विद्यार्थियों के लिए तैयार किए 389 यूट्यूब वीडियो
प्रोफेसर गीता तिवारी अकादमिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर चुकी हैं। वह आईक्यूएसी की अपर निदेशक रह चुकी हैं। वर्तमान में डीएसबी परिसर में निदेशक प्लेसमेंट सेल के पद पर कार्यरत हैं।
विद्यार्थियों को अध्ययन में सहयोग देने के लिए उन्होंने यूट्यूब पर 389 शैक्षणिक वीडियो तैयार किए हैं, जो विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय हैं। उनके इस प्रयास से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध हो रही है।
कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजी जा चुकी हैं प्रोफेसर गीता
प्रोफेसर गीता तिवारी फेलो ऑफ लिनेन सोसाइटी, लंदन हैं। उन्हें अब तक एक्सीलेंस इन रिसर्च अवार्ड, यंग साइंटिस्ट अवार्ड, वूमेन साइंटिस्ट अवार्ड, देवभूमि उत्कृष्ट शिक्षा सेवा अवार्ड तथा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट शोध प्रकाशन पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।
समारोह में कई विश्वविद्यालयों के कुलपति और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कश्यप, यूपीएस के कुलपति डॉ. सुनील राय, डॉ. अजय सक्सेना, कुंवर राज अस्थाना, डॉ. डीपी उनियाल, डॉ. पीयूष गोयल, डॉ. नवीन जोशी, डॉ. ललित तिवारी और दीपा पाठक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। प्रोफेसर गीता तिवारी को टीचर ऑफ द ईयर पुरस्कार मिलने पर नैनीताल सहित तमाम लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।