प्रयागराज में देव दीपावली पर लाखों दीपों से जगमगाया संगम क्षेत्र


कार्तिक पूर्णिमा पर संगम नोज सहित विभिन्न घाटों पर भव्य आयोजन, गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी ने मोहा मन

प्रयागराज| कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को प्रयागराज के संगम क्षेत्र में देव दीपावली का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस पर्व पर संगम नोज सहित अन्य घाट लाखों दीपों की अद्भुत रोशनी से जगमगा उठे। दीपमालाओं की आकर्षक छटा ने पूरे संगम क्षेत्र को आलोकित कर दिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां त्रिवेणी की हुई भव्य आरती

देव दीपावली के अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना, न्यायमूर्ति मदन पाल सिंह, ओडी फोर्ड के कमांडेंट, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा तथा प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मेलाधिकारी ऋषिराज सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां त्रिवेणी की भव्य आरती की।

आरती के बाद अतिथियों एवं अधिकारियों ने दीपदान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी ने बांधा समां

देव दीपावली के आयोजन के दौरान गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी भी आयोजित की गई। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सैंड आर्ट और सेल्फी पॉइंट बनाए गए, जहां लोगों ने उत्सव के यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।

संगम नोज सहित अन्य घाटों पर सजाई गई दीपमालाओं ने श्रद्धा और भक्ति का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था।

श्रद्धालुओं के लिए की गईं आवश्यक व्यवस्थाएं

देव दीपावली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई थीं। संबंधित विभागों ने तय जिम्मेदारियों के अनुरूप व्यवस्थाएं कीं। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अभिनव पाठक सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *