कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर मुकुट मुखारविंद में दिखा आस्था का अनूठा संगम, विदेशी भक्तों ने 108 बार ॐ जाप कर किया दंडवत प्रणाम
डीग। डीग जिले के पूंछरी का लोठा स्थित गिरिराज धाम में कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। गिरिराज जी के मुकुट मुखारविंद पर तलहटी परिक्रमा मार्ग में पहुंचे विदेशी सैलानी और श्रद्धालु भी भारतीय संस्कृति तथा सनातन परंपरा के रंग में रंगे नजर आए। विदेशी भक्तों ने गिरिराज जी की भक्ति में सराबोर होकर भजनों पर जमकर नृत्य किया और अपनी श्रद्धा प्रकट की।
विदेशी महिला एवं पुरुष श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते और नाचते दिखाई दिए। उन्होंने ‘मैं भी राधा की दीवानी’ और ‘मैं भी भोले का भगत’ जैसे भजनों पर उत्साह के साथ नृत्य किया। इस दौरान विदेशी भक्तों ने गिरिराज जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए 108 बार ‘ॐ’ नाम का जाप किया और दंडवत प्रणाम किया।
छप्पन भोग की झांकी सजाई, अन्नकूट महाप्रसादी का लगाया भोग
पावन अवसर पर ठाकुर जी के समक्ष छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई गई। इसके साथ ही अन्नकूट महाप्रसादी का भोग लगाया गया। आयोजन के दौरान विदेशी श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया और पूरे उत्साह के साथ जय श्री राधे, जय-जय गिरिराज धरण, राधा रानी की जय तथा पूंछरी के लोटा की जय के जयकारे लगाए।
मुकुट मुखारविंद के सेवक मोतीलाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विदेशी श्रद्धालु भी गिरिराज जी की भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए।
भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के प्रति दिखा विदेशी भक्तों का उत्साह
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा की देव दीपावली पर देवता भी स्वर्ग से उतरकर दीपदान करते हैं। इसी पावन अवसर पर गिरिराज धाम में विदेशी श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा। विदेशी भक्तों को भारतीय भजनों पर झूमते और गिरिराज जी के जयकारे लगाते देखकर स्थानीय श्रद्धालु भी भावविभोर हो उठे।
गिरिराज धाम में विदेशी श्रद्धालुओं की इस सहभागिता ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के धार्मिक माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। यहां भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और गिरिराज जी के प्रति विदेशी भक्तों की श्रद्धा देखने लायक रही।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।