शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच बढ़ती खींचतान पर सवाल, आपसी सम्मान और सहयोग से ही विकास और लोकतंत्र मजबूत होने का संदेश
प्रयागराज।आज हर कोई आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन सवाल यह है कि आगे बढ़ने का रास्ता क्या चुना जा रहा है? मेहनत, ईमानदारी और अपने काम के दम पर आगे बढ़ने के बजाय क्या दूसरों को पीछे धकेलकर आगे निकलने की कोशिश की जा रही है? शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच दिखाई देने वाली खींचतान इसी सोच को उजागर करती है। यह कोई किताबी परिभाषा नहीं, बल्कि आज के सामाजिक और व्यवस्थागत हालात पर उठता एक गंभीर सवाल है।
आज स्थिति ऐसी दिखाई देती है कि अधिकारी अधिकारी को नीचा दिखाने में लगा है और एक विभाग दूसरे विभाग को पीछे धकेलने में व्यस्त है। फाइल आगे बढ़ने के बजाय फाइलों में ही अटक जाती है। आम आदमी जब अपनी समस्या लेकर तहसील पहुंचता है तो बाबू कहता है कि ऊपर से आदेश नहीं है। जब वह ऊपर जाता है तो साहब कहते हैं कि नीचे से रिपोर्ट नहीं आई।
इस तरह जनता कार्यालयों के चक्कर काटती रहती है और व्यवस्था में जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे पर दोष मढ़ने का सिलसिला चलता रहता है। जहां किसी काम की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं होता, वहां आमजन की परेशानी लगातार बढ़ती जाती है।
विकास से ज्यादा श्रेय लेने की होड़
राजनीति और जनप्रतिनिधियों के बीच भी एक-दूसरे को पीछे धकेलने की प्रवृत्ति दिखाई देती है। एक नेता दूसरे नेता को नीचा दिखाने में लगा है तो एक प्रधान दूसरे प्रधान को पीछे करने में जुटा है। विकास का काम कौन करेगा, इस पर चर्चा होने के बजाय बहस इस बात पर होती है कि श्रेय किसे मिलेगा? फोटो किसकी छपेगी और उद्घाटन कौन करेगा?
दूसरी ओर जनता की सड़क टूटी पड़ी है, नाली जाम है और लोगों को पानी तक नहीं मिल रहा है। लेकिन इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय जनप्रतिनिधि एक-दूसरे की टांग खींचने में व्यस्त दिखाई देते हैं। जिस प्रतिनिधि को जनता ने अपने क्षेत्र और लोगों को आगे बढ़ाने के लिए चुना था, वही यदि आपसी खींचतान में उलझा रहेगा तो जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?
आपसी प्रतिस्पर्धा की बीमारी समाज में भी पहुंची
चिंता की बात यह है कि एक-दूसरे को पीछे धकेलने की यह प्रवृत्ति अब समाज के सामान्य जीवन में भी दिखाई देने लगी है। पड़ोसी पड़ोसी को नीचा दिखाने में लगा है। भाई-भाई को पीछे धकेलने की कोशिश कर रहा है। एक दुकानदार दूसरे दुकानदार को और एक पत्रकार दूसरे पत्रकार को नीचा दिखाने में लगा है।
हर किसी को आगे बढ़ना है, लेकिन खुद मेहनत करके नहीं, बल्कि दूसरे को पीछे धकेलकर। जब समाज में ऐसी सोच घर कर जाए तो समझ लेना चाहिए कि आपसी सहयोग और सम्मान की जगह प्रतिस्पर्धा, ईर्ष्या और खींचतान ने ले ली है। ऐसी स्थिति में समाज की तुलना जंगल से होने लगती है, जहां नियम और मर्यादा से अधिक ताकत का महत्व रह जाता है।
जंगलराज की असली पहचान क्या है?
जंगलराज की पहचान केवल यह नहीं है कि वहां पुलिस नहीं है, कचहरी नहीं है या सरकार नहीं है। इसकी असली पहचान उस माहौल में दिखाई देती है, जहां कोई किसी का सम्मान नहीं करता, कोई किसी की बात सुनने को तैयार नहीं होता और कोई किसी दूसरे को आगे बढ़ने का अवसर नहीं देना चाहता।
जहां सवाल पूछने वाले को दलाल कहा जाए, वहां व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। जहां काम के बजाय चापलूसी को महत्व मिलने लगे, वहां व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं। जहां एक-दूसरे को नीचा दिखाना ही राजनीति बन जाए, वहां विकास और जनहित पीछे छूटने लगते हैं।
यदि शासन ही प्रशासन को नीचा दिखाने लगे, जनप्रतिनिधि ही जनता को पीछे धकेलने लगे और जनता भी एक-दूसरे को नीचा दिखाने में जुट जाए, तो फिर आगे कौन बढ़ेगा? ऐसे माहौल में विकास कहां से आएगा और न्याय कहां से मिलेगा? ये ऐसे सवाल हैं, जिन पर शासन-प्रशासन से लेकर समाज के हर वर्ग को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
समाधान आपसी सम्मान और सहयोग में ही है
इस स्थिति का समाधान एक-दूसरे को नीचा दिखाने में नहीं, बल्कि एक-दूसरे को आगे बढ़ाने में है। अधिकारियों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं और सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए। वहीं जनता को भी जनप्रतिनिधियों और एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।
विकास तभी संभव है, जब सभी अपनी जिम्मेदारी समझें और व्यक्तिगत श्रेय या आपसी खींचतान से ऊपर उठकर जनहित में काम करें। जिस दिन लोग एक-दूसरे को पीछे धकेलने के बजाय हाथ पकड़कर आगे बढ़ाना शुरू कर देंगे, उसी दिन समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत होगी। आपसी सम्मान और सहयोग से ही जंगलराज जैसी स्थिति समाप्त होगी और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलेगी।
तब तक विद्रोही सच को सच और गलत को गलत कहता रहेगा।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।