प्रधानमंत्री आवास योजना सूची का चौरु ग्राम सभा में अनुमोदन


विशेष ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की वरीयता सूची का अनुमोदन, दावा-आपत्तियां भी की गईं स्वीकार।

उनियारा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की वरीयता सूची के अनुमोदन के लिए राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार उनियारा ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों में सोमवार को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत चौरु में आयोजित विशेष ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सर्वे-2024 के आधार पर तैयार पात्र लाभार्थियों की वरीयता सूची का अनुमोदन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रशासक रामसहाय मैरोठा ने की। ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार जैन ने ग्राम सभा के समक्ष पात्र परिवारों की वरीयता सूची पढ़कर सुनाई। इसके बाद ग्रामीणों की उपस्थिति में सूची पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यदि कोई पात्र परिवार सूची से वंचित रह गया हो अथवा किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं किया गया हो, तो उसके लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने हेतु आवेदन भी स्वीकार किए गए।

#### विकास अधिकारी ने दी योजना की पात्रता संबंधी जानकारी

पंचायत समिति उनियारा के विकास अधिकारी शंकर लाल मेघवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सर्वे-2024 का सत्यापन कार्य पूर्ण होने के बाद ग्राम पंचायतवार वरीयता सूची तैयार की गई है। इसी सूची को विशेष ग्राम सभा में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया।

उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के पास पक्का मकान, सरकारी नौकरी या चार पहिया वाहन है, वे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए अपात्र माने जाएंगे। वहीं प्राप्त होने वाली दावा-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

#### सूची में नाम नहीं होने पर ग्रामीणों ने दर्ज कराई आपत्तियां

ग्राम सभा के दौरान जिन लोगों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की सूची में शामिल नहीं हुए, उन्होंने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। इस पर ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार जैन ने नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि सभी प्राप्त आवेदन एवं आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण किया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

#### पंचायत भवन पर चस्पा की गई अनुमोदित सूची

विशेष ग्राम सभा में पंचायत प्रशासन, ग्राम विकास अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, वार्ड पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुरक्षा गार्ड तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अनुमोदित लाभार्थियों की सूची पंचायत भवन पर सार्वजनिक रूप से चस्पा कर दी गई, ताकि ग्रामीण सूची का अवलोकन कर सकें और आवश्यकता होने पर नियमानुसार दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकें।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *