शादी समारोह में फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार

Support us By Sharing

अवैध देसी कट्टा भी बरामद.. फायरिंग में महिला और उसका भतीजा हुआ था घायल

बयाना, 9 मई। गढ़ीबाजना थाना इलाके के गांव सिंघरावली में गत एक मई को शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में दलित महिला पर फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस ने मंगलवार शाम एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया है। गिरफ्तार किया गया आरोपी गांव सिंघरावली निवासी 21 वर्षीय पालेन्द्र गुर्जर पुत्र गुमान सिंह गुर्जर है। गिरफ्तार आरोपी को अब कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गढ़ीबाजना एसएचओ महेंद्र शर्मा ने बताया कि गत 1 मई को गांव सिंघरावली में एक शादी समारोह में दो पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद में एक पक्ष ने फायरिंग कर दी थी। फायरिंग में गांव की ही एक महिला रेखा जाटव और उसकी बहिन का लड़का सज्जन सिंह छर्रे लगने से घायल हो गए थे। पीड़ित रेखा के पर्चा बयान पर आरोपी पालेंद्र और उसके पिता गुमान सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला दर्ज हुआ था। जिसका अनुसंधान डिप्टी एसपी दिनेश कुमार यादव कर रहे हैं।
एसएचओ ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एक आरोपी पालेंद्र गुर्जर को थाना इलाके के ही लखवा के अड्डा के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। मामले के दूसरे आरोपी पालेंद्र के पिता गुमान सिंह की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


Support us By Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!