सर में गंभीर चोट आने के चलते भरतपुर किया रेफर
पति के साथ नगर से आ रही थी बुजुर्ग महिला
नदबई| नगर सड़क मार्ग पर गांव रौनीजा के पास बुधवार दोपहर को बाइक से असंतुलित होकर गिरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल महिला को नदबई के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे भरतपुर रेफर कर दिया।
108 एंबुलेंस ईएमटी सीताराम प्रजापत ने बताया कि, गांव खेड़ी देवी सिंह निवासी अमरती देवी(60) अपने पति सुखचंदी के साथ बाइक पर सवार होकर नगर से नदबई आ रही थीं। दोपहर के समय जैसे ही वे गांव रौनीजा के पास पहुंचे, तो अचानक अमरती देवी असंतुलित होकर बाइक से नीचे गिर पड़ीं। चलती बाइक से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी सीताराम प्रजापत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को नदबई के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार देकर भरतपुर रेफर कर दिया।