गंगापुर ने खोया एक समर्पित योगसेवी; योग के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति


गंगापुर सिटी। पंकज शर्मा। गंगापुर शहर के नगर परिषद क्षेत्र में पिछले 30 वर्षों से निःशुल्क योग सेवाएं प्रदान कर रहे प्रसिद्ध योगगुरु एवं समाजसेवी श्री कैलाशचंद्र शर्मा का हाल ही में निधन हो गया, जिससे गंगापुर शहर ने योग और समाजसेवा के क्षेत्र में एक सच्चा मार्गदर्शक खो दिया है। उनके निधन से पूरे शहर में शोक की लहर है।

श्री शर्मा वर्ष 1994 से निरंतर योग के माध्यम से समाज की सेवा करते आ रहे थे। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के हजारों लोगों को योग से जोड़ा और उन्हें स्वस्थ जीवन की राह दिखाई। उनके द्वारा संचालित योग शिविरों से शहर के वृद्ध, युवा एवं रोगग्रस्त नागरिकों ने शारीरिक व मानसिक लाभ प्राप्त किया। कई असाध्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी योग के माध्यम से राहत मिली।

कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी सेवाएं बंद नहीं कीं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई। उनके इस अतुलनीय योगदान के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर उन्हें सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।

श्री कैलाशचंद्र शर्मा का जीवन योग, सेवा और अनुशासन का प्रतीक रहा। उनका निधन गंगापुर शहर के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। शहरवासी उन्हें एक सच्चे योगगुरु और समाजसेवी के रूप में सदैव स्मरण करेंगे।

 


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now