सुशासन रथयात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत, ग्रामीणों संग थिरकते दिखे विधायक


लालसोट 31 दिसम्बर। राज्य सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को लालसोट विधायक रामबिलास मीणा सुशासन रथयात्रा के साथ डूंगरपुर क्षेत्र के आधा दर्जन पंचायत मुख्यालयों पर पहुंचे। रथयात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर विधायक का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर उत्साह का माहौल देखने को मिला, वहीं ग्रामीणों के साथ विधायक भी खुशी में थिरकते नजर आए।
डिंवाचली कलां को नवीन ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने पर ग्रामीणों ने नृत्य कर खुशी जाहिर की, जबकि बिनोरी को नई ग्राम पंचायत बनाए जाने पर जेसीबी मशीनों से पुष्प वर्षा कर विधायक का अभिनंदन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक रामबिलास मीणा ने कहा कि वर्तमान सरकार के मात्र दो वर्षों में पिछली सरकार के पूरे पांच साल के कार्यकाल की तुलना में डेढ़ गुना से अधिक विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई विभागों में तो इन दो वर्षों में चार गुना तक विकास कार्य किए गए हैं। सुशासन रथयात्रा के दौरान विधायक द्वारा खेड़ली पट्टी, किशोरपुरा और सुरतपुरा में सड़कों का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही खेड़ला, डिंवाचली कलां, मंडावरी नगरपालिका मुख्यालय, सुरतपुरा, बिनोरी, टोडा ठेकला और पक्का धौरा सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई।
मंडावरी नगरपालिका मुख्यालय पर विधायक को केले से तौलकर सम्मानित किया गया, जबकि पक्का धौरा में उन्हें घोड़ी पर बैठाकर जुलूस निकाला गया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख शासन सचिव बी.एम. मीणा, नगरपालिका चेयरमैन पिंकी चतुर्वेदी, लालसोट नगर अध्यक्ष अनिल बुर्जा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now