दिगंबर जैन सेवा मंडल चमत्कारजी का रजत जयंती समारोह


सवाई माधोपुर 2 जनवरी। दिगंबर जैन सेवा मंडल चमत्कार के रजत जयंती समारोह के अवसर पर गुरुवार शाम चमत्कार के विशुद्धमती सभागार में सांस्कृतिक संध्या आयोजित हुई। जिसमें एक से बढ़कर एक भक्ति नृत्य, गीत-संगीत, नाटिका एवं जैन धर्म आधारित प्रेरणादायी प्रश्नोत्तरी आदि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। समारोह का शुभारंभ प्रबुद्धजनों ने जिनेंद्र देव के चित्रपट्ट के समक्ष किए गए दीप प्रज्वलन एवं महिलाओ द्वारा नृत्य पूर्वक मंगलाचरण की दी गई प्रस्तुति से हुआ।
प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि इस अवसर पर दिगंबर जैन सेवा मंडल के संस्थापक सदस्य महावीर बज ने सेवामंडल की स्थापना से लेकर विगत 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इन वर्षों में धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है। मंदिर एवं तीर्थ क्षेत्र के विकास, धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन, समाज में संस्कारों के संवर्धन तथा जरूरतमंदों की सेवा जैसे अनेक कार्यों को प्रमुखता से उजागर किया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान सेवा मंडल से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के योगदान की सराहना की करते हुए संस्थापक सदस्य मोहनलाल कासलीवाल, लाडलीप्रसाद बाकलीवाल, संरक्षक चन्द्रप्रकाश छाबड़ा एंव निदेशक देवेंद्र बाकलीवाल ने माल्यार्पण, साफा पहना एंव प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह ने न केवल अतीत की उपलब्धियों का स्मरण कराया, बल्कि भविष्य में और अधिक संगठित होकर समाज हित में कार्य करने पर जोर दिया। रजत जयंती समारोह श्रद्धा, भक्ति, उल्लास एवं सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर सभी के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ। मंच संचालन निदेशक हरसीलाल जैन श्रीमाल ने किया।
इस अवसर पर सेवा मंडल कार्याध्यक्ष योगेंद्र पापड़ीवाल, उपाध्यक्ष विमल सौगाणी, महामंत्री गौरव बज, मंत्री अलंकार कासलीवाल, योगेंद्र पांड्या, कोषाध्यक्ष अरुण गोधा, सहमंत्री विजय जैन श्रीमाल व कार्यकारिणी सदस्य गजेंद्र जैन श्रीमाल आदि प्रबुद्ध महिला, पुरुष मौजूद रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now