डीग: ब्लॉक के पीएम श्री श्रीमती शीला जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहज में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस का भव्य और शानदार आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मुकुट बिहारी शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग के आदेश अनुसार और युवा जागृति मंच बहज के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों यथा भाषण ,चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता तथा रन फॉर स्वदेशी नामक गतिविधियों का आयोजन किया गया जिसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भर भारत, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, स्वालंबन, स्वरोजगार, टीम भावना एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। इन प्रतियोगिताओं में अनेक विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की तरफ से माला, पटका और साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। युवा जागृति मंच के संयोजक मुकेश कुमार ने पिछले एक साल के दौरान विभिन्न शैक्षणिक,सहशैक्षणिक, खेल ,विज्ञान, साहित्यिक गतिविधियों में भाग लेने वाले विजेता विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल उम्मीदवारों को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा,माला, साफा, पटका पहनाकर सम्मानित किया और सभी विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद को एक आदर्श मानने की बात पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्रा संध्या, मनीषा,शालिनी और एकता ने देशभक्ति गीत और भाषणों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, समर्पण, निष्ठा,स्वावलंबन और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के कार्मिक सत्येंद्र पाल सिंह द्वारा देशभक्ति गीत और वरिष्ठ अध्यापिका पूनम शर्मा द्वारा कविता वचन के माध्यम से स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शो को अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन श्री प्रहलाद सिंह व्याख्याता द्वारा किया गया इस कार्यक्रम के अवसर पर रामेश्वर सिंह ठाकुर, दिनेश कुमार,रौदान सिंह गिरदावर, राजेश कुंतल, विवेक फौजदार,ईश्वर सिंह मेंबर , भवानी शंकर, गजेन्द्र सिंह,कुलदीप सिंह, चेतना गौड़,हेमंत कौर, हरिओम शर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।