सदन में बरसे विधायक; पांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र के किसानों के पानी के लिए विधायक व उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीना ने विधानसभा में आवाज


करौली जिले में स्थित पांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र के किसानों के पानी उपलब्ध कराने के लिए विधायक व उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीना ने विधानसभा में पुनः उठाई आवा

जयपुर।पंकज शर्मा। करौली जिले में गंभीर नदी पर निर्मित पांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र के किसानों को सिंचाई जल उपलब्ध कराने की मांग एक बार फिर विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाई गई। उपनेता प्रतिपक्ष एवं गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीना ने सदन में इस मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि लगभग 2150 एमसीएफटी क्षमता वाले इस बांध को वर्ष 2005 में तत्कालीन राज्य सरकार के समय किसानों के बीच हुए विवाद के बाद बंद कर दिया गया था, और तब से करीब 20 वर्ष बीत जाने के बावजूद कमाण्ड क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है।
विधायक मीना ने सदन में कहा कि पांचना बांध का पूरा कमाण्ड क्षेत्र गंगापुर सिटी में स्थित है, जहां लगभग 40,000 बीघा कृषि भूमि सिंचाई जल के अभाव में प्रभावित हो रही है। पानी नहीं मिलने से उपजाऊ जमीन बंजर होती जा रही है, फसल उत्पादन लगातार घट रहा है और किसानों की आय पर गंभीर असर पड़ रहा है। अनेक किसानों को मजबूरी में कर्ज लेना पड़ रहा है तथा पशुपालन और खेती दोनों पर संकट गहराता जा रहा है। कमाण्ड क्षेत्र में निर्मित नहरों में आज तक एक बूंद पानी नहीं पहुंचा है, जिससे क्षेत्र का कृषि विकास पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा कमाण्ड क्षेत्र की अनदेखी कर अनकमाण्ड क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति देकर स्थानीय किसानों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न की जा रही है, जो कानून-व्यवस्था के लिए भी चिंताजनक है। जिन किसानों की भूमि से होकर नहरें निकाली गई हैं, वे आज तक सिंचाई जल से वंचित हैं, जो उनके साथ अन्याय है।
रामकेश मीना ने कहा कि यदि पांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ा जाता है तो क्षेत्र की लगभग 40,000 बीघा भूमि पुनः उपजाऊ बन सकेगी, किसानों की फसल उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, उनकी आय में वृद्धि होगी तथा कर्ज के बोझ से राहत मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पशुपालन को सहारा मिलेगा और संपूर्ण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
उपनेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि कमाण्ड क्षेत्र के किसानों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा करते हुए इस विषय पर तत्काल निर्णय लिया जाए तथा पांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र की नहरों में शीघ्र पानी छोड़ा जाए, ताकि वर्षों से जल संकट झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now