बाल विवाह रोकथाम के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन


07 मार्च 2026 सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार समीक्षा गौतम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर द्वारा शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय सवाई माधोपुर में बाल विवाह रोकथाम के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

सचिव समीक्षा गौतम ने आयोजित शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय/राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 4 दिसंबर 2025 से बालविवाह मुक्त भारत के लिए 100 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बाल विवाह की व्यापकता, जोखिम वाले क्षेत्रों में बाल विवाह के पीड़ितों की पहचान कर बालविवाह की तत्काल रोकथाम करना और दीर्घकालिक सामुदायिक जागरूकता को मजबूत करना है। इस दौरान सचिव समीक्षा गौतम द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम “पोक्सो एक्ट“ 2012, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 के प्रावधानों, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, बाल विवाह रोकथाम हेतु गठित आशा यूनिट, बाल विवाह की शिकायत के निवारण में विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं विधिक सेवा समितियों की भूमिका आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही मातृ स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों, प्रारम्भिक गर्भावस्था, बालश्रम के दुष्परिणामों, बालश्रम के मामले में सजा का प्रावधान, बालश्रम निषेध अधिनियम 1986, मानव तस्करी, नालसा (तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण पीडितों के लिए विधिक सेवाएं) योजना 2015 के प्रावधानों आदि विषयों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान असिस्टेंट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल अक्षय राजावत एवं पैनल अधिवक्ता नंदकिशोर बैरवा द्वारा विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं विधिक सेवा समितियों के माध्यम से प्राप्त निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता, न्याय आपके द्वारा लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ एवं त्वरित समाधान अभियान के माध्यम से जनउपयोगी सेवाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान अधिकार मित्र धनराज मीणा, मोरसिंह गुर्जर एवं महाविद्यालय के प्राचार्य गोपाल सिंह, संकाय सदस्य रामलाल बैरवा एवं डॉ. प्रेम सोनवाल आदि उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now