सज्जनगढ़, बांसवाड़ा।अरुण जोशी। भाजपा नेता अरविन्द कलाल ने कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपखंड सज्जनगढ़ में संचालित उप डाकघर की जर्जर स्थिति को लेकर सांसद मन्नालाल जी रावत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल जी गायरी को पत्र लिखकर नए डाकघर भवन के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध करवाने की मांग की है। अरविन्द कलाल ने पत्र में बताया कि सज्जनगढ़ स्थित उप डाकघर का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। वर्तमान में डाकघर को अस्थाई रूप से एक प्राथमिक विद्यालय में संचालित किया जा रहा है, जिससे आमजन, विद्यार्थियों और डाक विभाग के कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि सज्जनगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आदिवासी आबादी डाकघर की सेवाओं पर निर्भर है। ऐसे में सुरक्षित एवं व्यवस्थित भवन का होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि डाकघर की सभी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।भाजपा नेता अरविन्द कलाल ने सांसद मन्नालाल रावत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी से आग्रह किया कि वे इस जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सज्जनगढ़ उप डाकघर के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध करवाने एवं नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करवाने हेतु संबंधित विभाग को निर्देशित करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र की जनता को बेहतर डाक एवं बैंकिंग सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।