विकास कार्यों में गति लाने और जन-अभयोगों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
डीग, 09 मार्च 2026। राज्य सरकार की कार्यकुशलता और जनसेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पंचायत समिति सभागार, डीग में संपन्न हुई इस बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित विकास परियोजनाओं, आधारभूत अवसंरचना के कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई।*परिवहन अवसंरचना: कामां एवं डीग बस स्टैंड की समीक्षा
बैठक के दौरान कामां बस स्टैंड के निर्माण एवं संचालन की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने परियोजना की अद्यतन स्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों से प्रतिपुष्टि ली। इस पर एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के प्रतिनिधि ने अवगत कराया कि कामां बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूर्ण कर उसे संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जा चुका है। समीक्षा के उपरांत श्री कस्वां ने डीग बस स्टैंड के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा उसे अविलंब हैंडओवर करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए, ताकि आमजन को सुगम परिवहन सुविधाएं शीघ्र प्राप्त हो सकें।
जनसुनवाई एवं पोर्टल शिकायतों का निस्तारण
प्रशासनिक संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कुम्हेर विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड डीग और कृषि विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज जन-शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
देवनारायण आवासीय विद्यालय: गुणवत्ता और समयबद्धता पर बल
शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण देवनारायण आवासीय विद्यालय परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर संबंधित कार्यकारी एजेंसी को पाबंद किया। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्यालय भवन का निर्माण निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, जिससे भविष्य में विद्यार्थियों को एक सुरक्षित और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सके। बैठक के अंत में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का मूल ध्येय अंतिम छोर के व्यक्ति तक सुशासन पहुँचाना है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और फील्ड विजिट कर विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजकीय योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता के साथ पहुँचना चाहिए।