गौहनिया में होली मिलन संग गूंजेगा कवियों का स्वर


स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों का होगा सम्मान

एम.वी. कॉन्वेंट स्कूल बनेगा ऐतिहासिक समारोह का साक्षी

प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर गौहनिया क्षेत्र मंगलवार को देशभक्ति, सम्मान और फागुनी उमंग के रंग में सराबोर होने जा रहा है। गौहनिया स्थित एम.वी. कॉन्वेंट स्कूल परिसर में भव्य होली मिलन समारोह, कवि सम्मेलन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों का सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर पूरे बारा विधानसभा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। यह विशेष कार्यक्रम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति शेष राजाराम आर्य की पावन स्मृति को समर्पित है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और समाजसेवी एक मंच पर जुटेंगे। समारोह में बारा विधायक डॉ. वाचस्पति तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कौशाम्बी मधु वाचस्पति मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज विचार समिति के संयोजक सूर्य प्रकाश समदरिया के नेतृत्व में किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह केवल एक होली मिलन नहीं, बल्कि इतिहास, साहित्य और राष्ट्रभक्ति को एक साथ जोड़ने का प्रयास है, ताकि नई पीढ़ी अपने वीर पूर्वजों के संघर्ष को याद रख सके। समारोह में कवि सम्मेलन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें अशोक सिंह बेशरम,लाल सिंह देहाती, संतोष शुक्ल समर्थ, धनंजय शाश्वत, नीलम तिवारी, मोहिनी श्रीवास्तव, सुरेश केसरवानी ‘ओम शांति’, प्रमोद बाबू झा और ठाकुर इलाहाबादी सहित कई चर्चित कवि अपनी ओजपूर्ण, हास्य और देशभक्ति से भरी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। आयोजकों ने बारा विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर समारोह को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक बारा के मीडिया प्रभारी नीरज केसरवानी ने बताया कि विजय दिवस के इस आयोजन को हर वर्ष और भी भव्य रूप देने का संकल्प लिया गया है, ताकि क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता की परंपरा और अधिक मजबूत हो।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now