फर्जी शिक्षकों पर मेहरबान खंड शिक्षा अधिकारी शंकरगढ़, उनके लिए बने भगवान


इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश व निर्देश की उड़ाई जा रही खुलेआम धज्जियां

प्रयागराज।प्रदेश में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्त सहायक शिक्षकों के खिलाफ अब व्यापक कार्रवाई की तैयारी है।इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने पूरे प्रदेश में ऐसे मामलों की जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं । सभी मंडलों से एक महीने के भीतर संदिग्ध शिक्षकों की सूची मांगी गई है, जबकि पूरी जांच छह माह में पूरी करनी होगी । लेकिन शंकरगढ़ खंड शिक्षा अधिकारी, इलाहाबाद हाई कोर्ट की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं । विकासखंड शंकरगढ़ क्षेत्र में नाम बदलकर व कूट रचित प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी करने वाले शिक्षकों की जांच पिछले फरवरी माह से लटकी हुई है । आईजीआरएस की शिकायत में उक्त शिक्षकों की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है, लेकिन उनके द्वारा जांच में शिथिलता दिखाने से न तो जांच पूरी हो रही है और न ही मामला पुष्ट होने के बाद शिक्षकों पर कार्रवाई आगे बढ़ रही है । जांच रिपोर्ट अब तक न देने वाले खंड शिक्षा अधिकारी पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं । क्षेत्रीय लोगो का कहना है कि फर्जी शिक्षकों का निवास प्रमाण पत्र की रिपोर्ट न देकर उनसे मोटी रकम लेकर उन्हें राहत देने का काम किया जा रहा है । बहरहाल, अब खंड शिक्षा अधिकारी पर ही निर्भर है कि वह कितने दिन तक फर्जी शिक्षकों पर मेहरबान रहेंगे । शंकरगढ़ में इस मामले में अब तक कई फर्जी शिक्षक चिन्हित हो चुके हैं जो फर्जी निवास प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी कर रहे हैं । विकास खंड शंकरगढ़ क्षेत्र में शिक्षकों के मामलों पर नजर डालें तो अभी तक जितनी भी कार्रवाई हुई हैं वह सभी शिकायतों के आधार पर हुई । अभी भी दर्जन भर से अधिक शिक्षक विभाग के रडार पर हैं, जिन पर जांच की कार्रवाई गतिमान है । इस संबंध में जब खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त शिकायत पत्र में दिए गए शिक्षकों को सारे ओरिजिनल डॉक्युमेंट के साथ तलब किया गया है । जिसका समय निर्धारित नहीं है उनके निवास प्रमाण पत्र का तहसील से सत्यापन होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी , वहीं शिकायतकर्ता ने बताया कि अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मुझे न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए विवश होना पड़ेगा ।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now