सज्जनगढ़|क्षेत्र में गैस उपभोक्ताओं को समय पर और सुचारू रूप से गैस उपलब्ध हो तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे, इसे लेकर उपखण्ड प्रशासन द्वारा सज्जनगढ़ स्थित गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें तहसीलदार हरीश सोनी एवं नायब तहसीलदार मानसी डिंडोर भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एजेंसी परिसर में गैस सिलेंडरों के भंडारण, वितरण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा रिकॉर्ड संधारण की विस्तृत जांच की। अधिकारियों ने देखा कि गैस सिलेंडरों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित स्थान पर रखा गया है या नहीं तथा वितरण प्रक्रिया सरकार के नियमों के अनुसार की जा रही है या नहीं। इसके साथ ही एजेंसी के स्टॉक रजिस्टर, उपभोक्ता पंजी, वितरण रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने एजेंसी परिसर में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों, अग्निशमन यंत्रों तथा गैस सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। इस दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, गैस सिलेंडरों के परिवहन और वितरण के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए गए।
उपखंड अधिकारी ने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस उपभोक्ताओं को सरकार के निर्देशानुसार गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध करवाए जाएं तथा वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पात्र उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और किसी प्रकार की कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे गैस वितरण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखें और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करें। उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे, ताकि गैस एजेंसियों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके और आम जनता को आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलती रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।