सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस रोड स्थित बालाजी विहार कॉलोनी में सीवरेज की गंदगी से हालात बदतर हो गए हैं। कॉलोनी के बीच स्थित सीवरेज चैंबर से निकलकर गंदा पानी पास के खाली प्लॉट में भर गया है, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है। पिछले 10-15 दिनों से बनी इस समस्या के कारण स्थानीय लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि गंदे पानी से भरे प्लॉट के आसपास छोटे बच्चे खेलते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। साथ ही लगातार फैल रही बदबू और गंदगी के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। इधर, नगर परिषद की जेईएन रीना ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी है और उन्होंने मौके का निरीक्षण भी किया है। उनके अनुसार, हाल ही में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क निर्माण के दौरान मलबा सीवरेज में भर जाने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सीवरेज की सफाई कर समस्या का समाधान किया जाएगा। कॉलोनीवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से शीघ्र कार्रवाई कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।