जाजू को मिला राष्ट्रीय अनिरूद्ध भार्गव पर्यावरण पुरस्कार


इंटेक मुख्यालय दिल्ली में एनुअल जनरल मीटिंग में स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र एवं 1 लाख का चेक किया प्रदान

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। इंटेक मुख्यालय दिल्ली में एनुअल जनरल मीटिंग में आयोजित समारोह में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इंटेक भीलवाड़ा कन्वीनर एवं पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू को राष्ट्रीय स्तर पर 2025 का प्रतिष्ठित अनिरूद्ध भार्गव पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इन्टैक) द्वारा उनके आजीवन समर्पण, निष्ठा और प्रभावशाली कार्यों के लिए दिया गया। इस समारोह में इन्टैक के चेयरमैन अशोक ठाकुर, मेंबर सेक्रेटरी डॉ. रविन्द्र सिंह एवं चौप्टर्स डिवीजन डायरेक्टर अरविंद शुक्ला ने जाजू को स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र एवं एक लाख रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जाजू के साथ उनकी पत्नी सुशीला जाजू और पुत्री अस्मिता चौधरी भी उपस्थित रहीं। देशभर के विभिन्न इन्टैक चैप्टर्स में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर जाजू का चयन किया गया, जो उनके निरंतर और समर्पित प्रयासों का प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि जाजू ने वर्षों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण, नदियों और जल स्रोतों के पुनर्जीवन, व्यापक स्तर पर पौधारोपण, जंगलों के संरक्षण, जलाशयों के पुनरुद्धार तथा हरित आवरण बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसके साथ ही पशु कल्याण के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है। इस अवसर पर इंटेक एजुकेशन डायरेक्टर पूर्णिमा दत्त एवं प्राकृतिक विरासत निदेशक मनु भटनागर सहित देशभर से आए इंटेक चौप्टर कन्वीनर ने जाजू को शुभकामनाएं दी।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now