विधिक सेवा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकार मित्रों एवं पैनल अधिवक्ताओं के साथ बैठक का आयोजन


23 अप्रैल 2026, सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम द्वारा विधिक सेवा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से अधिकार मित्रों एवं पैनल अधिवक्ताओं के साथ एडीआर सेन्टर सवाई माधोपुर में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान सचिव समीक्षा गौतम ने सभी उपस्थित अधिकार मित्रों एवं पैनल अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि वे आमजन, विशेष रूप से कमजोर एवं वंचित वर्गों तक विधिक सहायता सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। सचिव समीक्षा गौतम ने पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों को पुलिस थानों, जेलों में सम्पर्क कर बंदियों के आश्रितों एवं अपराध पीड़ितों से उनकी समस्याओं को सुनकर नालसा स्प्रुहा योजना 2025 के तहत उनकी कानूनी, सामाजिक, मनावैज्ञानिक और आर्थिक कमजोरियों को दूर करने हेतु आवश्यक कदम उठाने हेतु निर्देशित किया गया।
सचिव समीक्षा गौतम ने विधिक साक्षरता शिविरों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकार मित्र एवं पैनल अधिवक्ता अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सम्पर्क कर आमजन की समस्याओं की पहचान करें तथा उन्हें शीघ्र समाधान हेतु विधिक सेवा प्राधिकरण से जोड़ें। बैठक में पैनल अधिवक्ताओं को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के लिए निर्देशित किया गया तथा गुणवत्तापूर्ण विधिक सहायता प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। सचिव समीक्षा गौतम ने सभी प्रतिभागियों से समन्वय स्थापित करते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया, ताकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच सके।
बैठक में जिला पैनल अधिवक्ता नन्दकिशोर बैरवा, चिरंजीलाल बैरवा, अभय कुमार गुप्ता, तपेश जैन, मुकेश बंसल, गोविन्द प्रसाद शर्मा एवं अधिकार मित्र बुनियाद अली, धनराज मीना, मगनलाल मीना, मुकेश कुमार शर्मा, गिर्राज रैगर, अनिता कंवर, सुनिता जोनवाल, प्रीति जैन, मोरसिंह गुर्जर, आशाराम नागर एवं चन्दन मीना उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now