सर्राफा व्यापारी की हत्या कर जेबरात लूट का मामला, तीन सूत्रीय मांग की जिद पर अड़ा रहा सर्वसमाज
नदबई। करीब एक माह पहले सर्राफा व्यापारी की हत्या कर जेबरात लूट के मामलें का खुलासा करने की मांग को लेकर विगत 4 चार दिन से सर्वसमाज के साथ तहसील मुख्यालय पर धरने में बैठी सर्राफा व्यापारी की पत्नी शालू चोपड़ा की सोमवार दोपहर अचानक तबियत खराब हो गई। पीएमओ डॉं पवन गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने धरनास्थल पर महिला की जांच पड़ताल की। बाद में एम्बूलेंस की सहायता से महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। उधर, सर्वसमाज का धरना चौथे दिन भी जारी रहा।
सूत्रों की मानें तो सर्राफा व्यापारी की पत्नी ने लगातार चौथे दिन सर्वसमाज के साथ तहसील कार्यालय के समीप धरना शुरु किया। इसी बीच दोपहर करीब 1.15 बजे अचानक धरनास्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब, सर्राफा व्यापारी की पत्नी शालू चोपड़ा अचेत हो गई। एसडीएम सचिन यादव व धरनास्थल पर मौजूद लोगों की सूचना पर जिला चिकित्सालय पीएमओ डॉं पवन गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने धरनास्थल पर ही पीडि़त महिला की जांच पड़ताल की। बाद में 108 एम्बूलेंस से महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। उधर, करीब एक माह पहले सर्राफा व्यापारी योगेन्द्र चोपड़ा उर्फ योगी की गोली मारकर हत्या के बाद जेबरात लूट मामलें में खुलासा करने की मांग को लेकर सर्राफा व्यापारी पत्नी शालू चोपड़ा के नेतृत्व में सर्वसमाज की ओर से सोमवार को भी तहसील मुख्यालय पर धरना जारी रहा।
तीन सूत्रीय मांग की जिद पर सर्वसमाज:- धरनास्थल पर सर्राफा व्यापारी की पत्नी की तबियत खराब देख, सर्वसमाज के लोगों ने प्रदेश सरकार सहित पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, सर्वसमाज व व्यापार संघ भी तीन सूत्रीय मांग पूर्ण नहीं होने तक धरने की जिद पर अड़ा रहा। धरनास्थल पर मौजूद सर्वसमाज के लोगों ने पुलिस व जिला प्रशासन पर सिर्फ आश्वासन देने का आरोप लगाते हुए जमकर गुस्सा जताया। बाद में बदमाशों की गिरफ्तारी सहित पीडि़त परिवार को 50 लाख आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी व सर्राफा व्यापारी के पुत्र का मेडीकल कॉलेज में दाखिला कराने की मांग करते हुए मांग पूर्ण नहीं होने तक धरना जारी रखने का आहृवान किया।
Bharatpur, Rajasthan