प्रयागराज: काशी विश्वनाथ धाम से शिव मंदिरों में होगा सीधा प्रसारण, ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ की तैयारियां तेज


11 मई को मनकामेश्वर और पडिला महादेव सहित जनपद के प्रमुख शिवालयों में एलईडी पर दिखेगा भव्य आयोजन, सीडीओ ने दिए निर्देश

प्रयागराज। जनपद प्रयागराज में आगामी 11 मई, 2026 को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव की धूम रहेगी। इस विशेष अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम मंदिर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का प्रयागराज के प्रमुख शिव मंदिरों में एल.ई.डी. (LED) स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया जाएगा।

इन मंदिरों में होगा सीधा प्रसारण

मुख्य विकास अधिकारी (CDO) हर्षिका सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले के निम्नलिखित प्रमुख मंदिरों और तहसील/ब्लॉक स्तर के शिवालयों में सुबह 9:00 बजे से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी:

  • श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर

  • पडिला महादेव मंदिर

  • नागवासुकी मंदिर

  • सोमेश्वरनाथ मंदिर

  • दशाश्वमेध मंदिर और गंगोली शिवाला

  • कोटेश्वर महादेव एवं दुर्वासा ऋषि आश्रम

  • तक्षकतीर्थ और श्री मनोकामना महादेव मंदिर

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजेंगे शिवालय

आयोजन के दौरान केवल सजीव प्रसारण ही नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर जन भागीदारी के साथ कई धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें सामूहिक मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, सोमनाथ संकल्प संवाद और प्रवचन शामिल होंगे। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से शिव भजन, शिव ताण्डव और सोमनाथ गाथा की लाइव प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

अधिकारियों को समन्वय के निर्देश

सीडीओ हर्षिका सिंह ने संगम सभागार में तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में माननीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए और आयोजन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now